
मौदहा से जिला ब्यूरो चीफ राजकुमार की रिपोर्ट
मौदहा (हमीरपुर)। कोतवाली क्षेत्र में बुधवार सुबह चलती पैसेंजर ट्रेन से गिरने के कारण एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलते ही 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) मौदहा लाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत नाजुक होने पर चिकित्सकों ने जिला अस्पताल हमीरपुर रेफर कर दिया।

घायल की पहचान 22 वर्षीय प्रांशु पुत्र श्यामप्रकाश, निवासी ग्राम बिरखेड़ा, थाना सुमेरपुर के रूप में हुई है। बताया गया कि वह बांदा से खजुराहो-कानपुर पैसेंजर ट्रेन से अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान अकौना और रागौल रेलवे स्टेशन के बीच अज्ञात परिस्थितियों में चलती ट्रेन से नीचे गिर गया, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं।
घटना की सूचना मिलते ही 108 एंबुलेंस के पायलट आकाश यादव और ईएमटी देवांशु यादव मौके पर पहुंचे और घायल को तत्काल सीएचसी मौदहा पहुंचाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
घटना की जानकारी पर रेलवे एवं स्थानीय पुलिस भी सक्रिय हो गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है और युवक के ट्रेन से गिरने के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

