

भीषण गर्मी में ही दोनों चापाकल खराब रहने से बढ़ी परेशानी
जहानाबाद। पटना-गया रेलखंड के मखदुमपुर व बेला स्टेशन के बीच अवस्थित बराबर हॉल्ट पर प्यास बुझाने के लिए यात्रियों को इधर-उधर भटकना पड़ रहा है। जिससे उनके समक्ष परेशानी कायम हो रही है। बता दें कि बराबर हॉल्ट पर सभी हॉल्टों से अधिक सवारी चढ़ते-उतरते हैं। प्रतिदिन हजारों की संख्या में लोग पटना-गया की ओर आवाजाही करते हैं। जिससे रेलवे विभाग को आमद भी हो रही है। लेकिन आम लोगों की सहुलियत को लेकर कोई विशेष इंतजाम नहीं किया गया है। भीषण गर्मी में स्थापित दोनों चापाकल खराब हो चुके हैं वहीं हॉल्ट संवेदक के द्वारा प्रशाखा अभियंता कार्य पूर्व मध्य रेल जहानाबाद को लिखित सूचना दिया गया है।
बताया गया कि बराबर हॉल्ट पर दो चापाकल स्थापित थे। लेकिन भीषण गर्मी में ही दोनों चापाकल खराब हो चुके हैं। जिससे विशेष परेशानी उठानी पड़ रही है। पूछे जाने पर बराबर हॉल्ट के संवेदक अजय कुमार ने बताया कि आईओडब्लू जहानाबाद को लगातार व्हाटसप व लिखित आवेदन देकर चापाकल मरम्मत कराने की दिशा में सूचना दी गई है, लेकिन अभी तक लोगों को प्यास बुझाने के लिए कोई कार्रवाई नहीं की गई है। प्रतिदिन जाने वाले यात्रियों का कहना है कि हॉल्ट बने 22 वर्ष से अधिक हो गए हैं। लेकिन यात्री सुविधा के नाम पर कोई विशेष इंतजाम नहीं किया गया है।
श्रावणी मेला में इस हॉल्ट से बराबर पहुंचते हैं यात्री बराबर हॉल्ट पर सबसे अधिक श्रावणी मेला के दौरान यात्रियों की भीड़ लगती है। डेढ़ माह के बाद ही मखदुमपुर प्रखंड के ऐतिहासिक बराबर पहाड़ी क्षेत्र में मेला का आयोजन प्रतिवर्ष किया जाता है। मेला के समय सभी पैसेंजर गाड़ियों से सैकड़ों की संख्या में लोग दिन-रात इस हॉल्ट पर उतरते हैं। वहीं पैदल या ऑटो से बराबर पहाड़ी को पहुंचते हैं। लेकिन सरकार या रेल प्रशासन के द्वारा इस दिशा में कोई पहल नहीं की गई है। पहले से लगे चापाकल खराब हो गया। फिर भी विभागीय स्तर पर कोई कार्रवाई नहीं की गई। जिससे यात्रियों में जिला प्रशासन व रेल प्रशासन के खिलाफ रोष व्याप्त है।
