

बलियापुर (धनबाद): धनबाद जिले के बलियापुर थाना क्षेत्र के दोलाबड़ स्थित खेड़बाड़ी गांव में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां स्कूटर बेचने के विवाद में एक बेटे ने अपने ही 55 वर्षीय पिता की कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी ने शव को सड़क से करीब 30 मीटर दूर एक सुनसान घर के पास फेंक दिया, ताकि मामला दुर्घटना जैसा लगे।बुधवार सुबह ग्रामीणों ने पंचायत भवन के समीप सुनसान स्थान पर शव देखा और इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही बलियापुर थाना प्रभारी सत्यजीत कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की।जांच के दौरान घटनास्थल से करीब 30 मीटर दूर सड़क पर खून के धब्बे मिले। वहीं मृतक के सिर पर गंभीर चोट के निशान पाए गए। पुलिस को घटनास्थल से मृतक की साइकिल और आरोपी का चप्पल भी बरामद हुआ, जिससे शक की सुई बेटे की ओर गई।पूछताछ में 28 वर्षीय आरोपी पुत्र माथुर गोप ने मंगलवार रात पिता के साथ मारपीट करने की बात स्वीकार कर ली। आरोपी ने बताया कि उसके पिता ने घर का स्कूटर और साइकिल बेच दिया था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ, जो हिंसक झड़प में बदल गया। आरोप है कि गुस्से में बेटे ने पिता की बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।पुलिस के अनुसार, हत्या के बाद आरोपी ने शव को घसीटकर सुनसान स्थान पर फेंक दिया। बुधवार सुबह जब वह अपना चप्पल और साइकिल लेने घटनास्थल पहुंचा तो ग्रामीणों को उस पर संदेह हुआ। इसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने मारपीट की बात स्वीकार की।ग्रामीणों के अनुसार, पिता-पुत्र के बीच अक्सर विवाद होता था। मृतक विनोद गोप गांव में इधर-उधर घूमते रहते थे, जबकि आरोपी बेटा कभी-कभार मजदूरी करता था और नशे का भी आदी बताया जा रहा है.पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हत्या का मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।