पांढुर्णा के ग्राम देवखपा में कलेक्टर के सख्त निर्देशों के बावजूद सैकड़ों डंपरों के जरिए लाल मुरम के कथित अवैध उत्खनन, संग्रहण और ओवरलोड परिवहन का बड़ा मामला सामने आया है. ग्राम देवखपा के हल्का नंबर 50 में राष्ट्रीय राजमार्ग भोपाल-नागपुर मार्ग के समीप एक खेत में भारी मात्रा में लाल मुरम का अवैध रूप से संग्रहण किए जाने की जानकारी मिली है.
स्थानीय सूत्रों के अनुसार रात के समय डंपरों के माध्यम से लाल मुरम का परिवहन कर खेत में मार्ग निर्माण के लिए इसका उपयोग किया जा रहा है. यदि यह पूरा परिवहन बिना किसी वैध अनुमति अथवा आवश्यक रॉयल्टी के किया जा रहा है, तो इससे शासन के खनिज राजस्व को भारी नुकसान होने की पूरी आशंका बनी हुई है.
इस पूरे घटनाक्रम को लेकर खनिज विभाग की निगरानी व्यवस्था और कार्रवाई की प्रभावशीलता पर भी गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं. जिला कलेक्टर द्वारा अवैध खनिज उत्खनन, संग्रहण और ओवरलोड परिवहन के खिलाफ स्पष्ट निर्देश दिए जाने के बावजूद स्थानीय स्तर पर अपेक्षित और ठोस कार्रवाई नहीं होने के गंभीर आरोप लगाए जा रहे हैं.
अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या संबंधित विभाग मौके पर पहुंचकर लाल मुरम के संग्रहण तथा परिवहन में लगे डंपरों और संबंधित दस्तावेजों की जांच करेगा या नहीं. हालांकि विभाग की निष्पक्ष जांच और दस्तावेजों के परीक्षण के बाद ही इस पर आधिकारिक रूप से कुछ कहा जा सकेगा.
इस संबंध में जिला खनिज सहायक अधिकारी महेश नागपुरे ने जानकारी देते हुए बताया है कि यह मामला उनके संज्ञान में आ चुका है और वे जल्द ही मौका स्थल पर पहुंचकर मामले की पूरी जांच करेंगे तथा नियमानुसार सख्त कार्रवाई करेंगे.
