A2Z सभी खबर सभी जिले की

गंधवानी में हथियारों की ‘फैक्ट्री’ पर रेड, यूपी का वांटेड गैंगस्टर गिरफ्तार

घर के पीछे बन रही थीं देसी पिस्टल, भारी मात्रा में ‘मौत का सामान’ जब्त
एसपी के इनपुट पर गंधवानी पुलिस की बड़ी कार्रवाई, भारी मात्रा में बैरल और सांचे बरामद

राहुल सेन मांडव
मो 9669141814

धार। धार जिले की गंधवानी पुलिस को एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। पुलिस ने एक सीक्रेट इनपुट के आधार पर दबिश देकर अवैध हथियारों के एक बड़े कारखाने का पर्दाफाश किया है। मौके से भारी मात्रा में अर्ध-निर्मित पिस्टल, कारतूस और हथियार बनाने का भारी-भरकम सामान जब्त किया गया है। पकड़ा गया आरोपी कोई छोटा-मोटा बदमाश नहीं, बल्कि एक शातिर अंतर्राज्यीय अपराधी है।

एसपी सचिन शर्मा को मिली थी गुप्त सूचना
मामले का खुलासा करते हुए पुलिस ने बताया कि धार एसपी सचिन शर्मा को मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली थी कि गंधवानी क्षेत्र में एक अंतर्राज्यीय अपराधी बड़े स्तर पर अवैध हथियारों की फैक्ट्री चला रहा है और यहाँ से दूसरे राज्यों में हथियारों की सप्लाई की जा रही है। एसपी सचिन शर्मा और एसडीओपी ब्रजेश मालवीय के निर्देशन में गंधवानी टीआई प्रदीप खन्ना ने एक टीम का गठन किया। सूचना मिलते ही पुलिस की एक विशेष टीम का गठन कर छापेमारी की योजना बनाई गई।

Related Articles

घर के पीछे चल रहा था ‘मौत का सामान’ बनाने का खेल
29 मई 2026 की शाम करीब 06:30 बजे गंधवानी पुलिस ने ब्लॉक कॉलोनी (ग्राम बारिया) में रहने वाले रोहित (उम्र 25 वर्ष), पिता भजनसिंह बरनाला (जाति सिकलीगर) के घर के पीछे अचानक दबिश दी। पुलिस को देखते ही आरोपी के होश उड़ गए। वहाँ खुलेआम अवैध रूप से देसी पिस्टल और हथियार बनाने का काम चल रहा था। पुलिस ने आरोपी रोहित को रंगे हाथों धर दबोचा।

बरामदगी की लिस्ट देखकर पुलिस भी रह गई हैरान
तलाश के दौरान पुलिस को मौके से जो सामान मिला, उसने साबित कर दिया कि यहाँ बड़े पैमाने पर हथियारों की मैन्युफैक्चरिंग हो रही थी। पुलिस ने मौके से निम्नलिखित सामान जब्त किया है:

तैयार हथियार: देसी पिस्टल (मय मैगजीन) और 03 जिंदा कारतूस।

हथियार के पुर्जे: 23 बैरल नली, 21 बैरल कवर, 11 पिस्टल सांचा, 04 मैगजीन सांचा, 03 स्प्रिंग और प्लास्टिक के डिब्बे में रखे पिस्टल स्क्रू व छोटी स्प्रिंग।

मशीनरी और टूल्स: 02 ग्लाइडर मशीन, 22 ग्लाइडर पत्तियां, 01 पंखा, 03 हथौड़ी, 02 संडासी, 06 रेती, 02 छेनी, 03 छोटे सुवे, 01 आरी, 01 बोर नापने का माप और 01 लोहे का सांचा (ठिया)।

अन्य सामान: काम करते वक्त आँखों की सुरक्षा के लिए रखे 02 चश्मे।

पुलिस की कार्रवाई: पुलिस ने आरोपी रोहित बरनाला के खिलाफ गंधवानी थाने में आर्म्स एक्ट की धारा 25(1), 25(1-AA) और 27 के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।

यूपी के जालौन में भी दे चुका है वारदात को अंजाम
गंधवानी के सब-इंस्पेक्टर नीरज कोचले ने बताया कि पकड़ा गया आरोपी रोहित बरनाला एक शातिर और अंतर्राज्यीय अपराधी है। वह न सिर्फ अवैध हथियार बनाता था, बल्कि अन्य राज्यों की वारदातों में भी शामिल रहा है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी ने उत्तर प्रदेश के जालौन में भी एक बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया था, जिसमें वह वांछित था। पुलिस अब आरोपी से कड़ाई से पूछताछ कर रही है कि वह ये हथियार किन-किन राज्यों में और किन गैंग्स को सप्लाई करने वाला था। इस रैकेट में और कौन-के लोग शामिल हैं, इसका खुलासा भी जल्द होने की उम्मीद है।

Show More
Back to top button