

हमीरपुर से ब्यूरो चीफ राजकुमार की रिपोर्ट
सुमेरपुर हमीरपुर । नेशनल हाईवे 34 पर हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। बुधवार तड़के करीब 3:30 बजे फैक्ट्री एरिया पेट्रोल पंप के पास तेज रफ्तार ट्रक और अमूल दूध के वाहन की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में दूध वाहन चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसकी अस्पताल में मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गिट्टी से लदा डंपर संख्या UP35AT 6406 महोबा से कानपुर की ओर जा रहा था। वहीं अमूल दूध का वाहन संख्या UP78KN 0730 माती कानपुर देहात से महोबा की तरफ आ रहा था। फैक्ट्री एरिया पेट्रोल पंप के पास ओवरटेक के दौरान दोनों वाहन अनियंत्रित होकर आमने-सामने टकरा गए।
टक्कर इतनी भीषण थी कि दूध वाहन के परखच्चे उड़ गए। वाहन चालक अनिल कुमार पुत्र बलवान दास निवासी भोगनीपुर अकबरपुर कानपुर देहात गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से घायल को जिला अस्पताल हमीरपुर भेजा, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। डंपर चालक मौके से फरार हो गया। हादसे के बाद हाईवे पर जाम लग गया। पुलिस ने क्रेन और हाइड्रा की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क किनारे करवाकर यातायात सुचारु कराया। पुलिस ने दोनों वाहन स्वामियों और मृतक के परिजनों को सूचना दी है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।