मध्यप्रदेशसिंगरौली

सिंगरौली : बस स्टैण्ड बैढ़न से 02 वर्षीय अपहृत बालिका की सकुशल दस्तयाबी सिंगरौली पुलिस को मिली बड़ी कामयाबी।

 

सिंगरौली : बस स्टैण्ड बैढ़न से 02 वर्षीय अपहृत बालिका की सकुशल दस्तयाबी सिंगरौली पुलिस को मिली बड़ी कामयाबी।

(पत्रकार सिंगरौली अमरेन्द्र शुक्ला)

सिंगरौली: घटना का विवरण – दिनांक 16.05.2026 को फरियादी अर्जुन सिंह पिता शंकर सिंह गोंड निवासी ग्राम नगौरा चटनिया टोला थाना जियावन जिला सिंगरौली (म.प्र.) द्वारा सूचना दर्ज कराई गई कि दिनांक 15.05.2026 की रात्रि वह अपनी पुत्री मनीषा सिंह उम्र 02 वर्ष के साथ बस स्टैण्ड बैढ़न में सोया हुआ था। कुछ देर बाद नींद खुलने पर देखा कि उसकी पुत्री मनीषा सिंह वहां नहीं थी। आसपास काफी तलाश करने पर भी बच्ची का कोई पता नहीं चला। फरियादी द्वारा आशंका व्यक्त की गई कि कोई अज्ञात व्यक्ति उसकी पुत्री को बहला-फुसलाकर ले गया है। सूचना पर थाना बैढ़न में अपराध क्रमांक 582/2026 धारा 137(2) बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया।

Related Articles

.वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में तत्काल एसआईटी का गठन.

मामले की गंभीरता एवं अपहृत बालिका के साथ किसी अनहोनी की आशंका को दृष्टिगत रखते हुए तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया। अपहृत बालिका की तलाश हेतु पुलिस अधीक्षक महोदय षियाज के.एम. के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सर्वप्रिय सिन्हा के मार्गदर्शन तथा प्रभारी नगर पुलिस अधीक्षक विंध्यनगर राहुल सैयाम के नेतृत्व में विशेष एसआईटी गठित की गई। उप पुलिस अधीक्षक रोशनी पटेल सहित थाना प्रभारी/चौकी प्रभारी सहित बालिका की तलाश के लिए पुलिस की 10 टीमों में कुल लगभग 150 पुलिस अधिकारी/कर्मचारियों को लगाया गया।

पुलिस अधीक्षक महोदय द्वारा अपहृता एवं अज्ञात आरोपी की तलाश हेतु तत्काल ₹10,000 के ईनाम की घोषणा की गई।

*अपहृत बालिका की तलाश हेतु व्यापक स्तर पर अभियान चलाया गया*

अपहृत बालिका की दस्तयाबी हेतु तत्काल जिले के सभी थानों, प्रदेश के समस्त जिलों एवं सीमावर्ती राज्यों के थानों तथा एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग विंग सोनभद्र (उ.प्र.) को रेडियो संदेश प्रसारित किया गया। अपहृत बालिका एवं अज्ञात आरोपी की तलाश हेतु शहर बैढ़न में लगे लगभग 200 सीसीटीवी कैमरों का अवलोकन किया गया। इसके अतिरिक्त बैढ़न, विंध्यनगर, मोरवा, बरगवां एवं माड़ा क्षेत्र के सुनसान स्थानों, डैम, नदियों, नालों, रेलवे स्टेशन, बस स्टैण्ड एवं अस्पतालों में सघन तलाश की गई। बालिका की दस्तयाबी हेतु फोटो पम्पलेट तैयार कर सार्वजनिक स्थानों, ऑटो एवं बसों में चस्पा कराए गए तथा समाचार पत्रों एवं सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्रसारित कराया गया। बैढ़न क्षेत्र में आने-जाने वाली बसों के चालक-परिचालकों, ऑटो चालकों, बाजार-हाट, ठेला लगाने वाले व्यक्तियों एवं थाना स्तर के मुखबिरों से पूछताछ कर गहन पतासाजी की गई। साथ ही अपहृता के पिता अर्जुन सिंह द्वारा औड़ी मोड़ जिला सोनभद्र (उ.प्र.) से बैढ़न तक एक अज्ञात संदेही व्यक्ति के साथ आने की जानकारी मिलने पर औड़ी मोड़ से बैढ़न तक के सीसीटीवी फुटेज एवं ऑटो-बस चालकों से पूछताछ कर जांच की गई। फरियादी एवं संदेही द्वारा उपयोग किए गए संभावित बस एवं ऑटो स्टॉपेज का पीएसटीएन डंप प्राप्त कर सायबर सेल सिंगरौली द्वारा तकनीकी विश्लेषण कराया गया।

*सीसीटीवी फुटेज एवं तकनीकी विश्लेषण से मिला महत्वपूर्ण सुराग*

तलाश के दौरान मुखबिर सूचना प्राप्त हुई कि एक संदेही व्यक्ति दिनांक 16.05.2026 की रात्रि लगभग 01:30 बजे ट्रामा सेंटर रोड बैढ़न से बिलौजी की ओर अपहृता के हुलिए से मिलती-जुलती बच्ची को लेकर जाते हुए देखा गया है। सूचना की तस्दीक हेतु बिलौजी जाने वाले मार्गों में लगे सीसीटीवी फुटेज देखे गए, जिसमें संदेही व्यक्ति एक छोटी बच्ची को लेकर जाते हुए दिखाई दिया। आगे जांच में वह माजन मोड़ में बस से उतरता हुआ दिखाई दिया। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संबंधित बस के चालक एवं कंडक्टर से पूछताछ की गई, जिन्होंने संदेही को एक छोटी बच्ची के साथ माजन मोड़ में उतरना एवं नौगढ़ जाने का रास्ता पूछना बताया। इसके बाद माजन मोड़ से नौगढ़ मार्ग के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए तथा लगभग 150 ऑटो एवं 25 बस चालकों से पूछताछ की गई। एक ऑटो चालक द्वारा बताया गया कि उसने संदेही एवं बच्ची को माजन मोड़ से बैठाकर नौगढ़ स्थित विजय बंधु पेट्रोल पंप के पास छोड़ा था।

*ग्राम नौगढ़ में सघन तलाशी के बाद मिला झारखंड का सुराग*

ग्राम नौगढ़ में लगभग 150 पुलिस बल लगाकर घर-घर जाकर संदेही एवं अपहृता के फोटो/फुटेज दिखाकर पूछताछ की गई। इस दौरान शबनम परवीन नामक महिला द्वारा बताया गया कि संदेही व्यक्ति बच्ची के साथ उसके घर आया था तथा उसका नाम विनोद महतो निवासी ग्राम मासीआतो थाना बालूमार जिला लातेहार (झारखंड) है। महिला द्वारा यह भी बताया गया कि वह बच्ची को लेकर अपने गांव झारखंड चला गया है।

*झारखंड से अपहृत बालिका की सकुशल दस्तयाबी*

जैसे ही यह जानकारी प्राप्त हुई कि संदेही बच्ची को लेकर झारखंड गया है, तत्काल पुलिस की दो विशेष टीमें झारखंड रवाना की गईं। पुलिस टीम द्वारा आरोपी विनोद महतो निवासी ग्राम मासीआतो थाना बालूमार जिला लातेहार (झारखंड) को उसके निवास स्थान से गिरफ्तार कर अपहृत बालिका मनीषा सिंह गोड़ उम्र 02 वर्ष को सकुशल दस्तयाब किया गया।

*36 घंटे की सतत मेहनत से परिजनों के चेहरे पर लौटी मुस्कान*

सिंगरौली पुलिस द्वारा मात्र 36 घंटे की अनवरत मेहनत, तकनीकी विश्लेषण, सीसीटीवी फुटेज, मुखबिर सूचना एवं विभिन्न टीमों के समन्वित प्रयास से 02 वर्षीय अपहृत बालिका को झारखंड राज्य से सकुशल दस्तयाब कर उसके परिजनों को सुपुर्द किया गया।

*यह कार्यवाही माननीय पुलिस महानिदेशक महोदय द्वारा चलाए जा रहे “मुस्कान अभियान” को सार्थक करने की दिशा में सिंगरौली पुलिस का एक महत्वपूर्ण एवं संवेदनशील प्रयास है।*

*सराहनीय भूमिका* – थाना प्रभारी बैढ़न निरीक्षक अशोक सिंह परिहार, थाना प्रभारी विंध्यनगर अर्चना द्विवेदी, थाना प्रभारी नवानगर डॉ. अनिल पटेल, थाना प्रभारी माड़ा शिवपूजन मिश्रा, महिला थाना प्रभारी आराधना सिंह, थाना प्रभारी बरगवां मो. समीर, थाना प्रभारी मोरवा ज्ञानेन्द्र सिंह, थाना प्रभारी लंघाडोल उपनिरीक्षक पुष्पेन्द्र धुर्वे, चौकी प्रभारी जयंत उपनिरीक्षक अरुण सिंह, चौकी प्रभारी तिनगुड़ी अमन वर्मा, चौकी प्रभारी सासन संदीप नामदेव, चौकी प्रभारी खुटार शीतला यादव, सायबर सेल प्रभारी उपनिरीक्षक पवन सिंह, सीसीटीवी प्रभारी, सउनि पप्पू सिंह, सउनि अरविंद द्विवेदी, जीवेनद्र मिश्रा, प्र.आर. जीतेन्द्र सेंगर, प्र.आर. पंकज सिंह, प्र.आर. दयाशंकर शर्मा, मुनेन्द्र राणा, आरक्षक अभिमन्यु उपाध्याय, प्रकाश सिंह, आदर्श तिवारी एवं आरक्षक मुकेश पटेल का सराहनीय योगदान रहा।

Show More
Back to top button
error: Content is protected !!