डिंडोरी। जिला मख्यालय के पावन स्थल कुकर्रामठ में माह के अंतिम सोमवार और नाग पंचमी के शुभ संयोग पर ऋण मुक्तेश्वर कुकर्रामठ स्थित शिव मंदिर में आज भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी।
मां नर्मदा के पावन तट से पवित्र जल लेकर पहुंची कावड़ यात्रा में युवा से लेकर बुजुर्ग, महिलाएं और बच्चे तक शामिल हुए। मंदिर परिसर “हर हर महादेव” और “बम बम भोले” के नारों से गूंजता रहा। शिवमय माहौल में श्रद्धालु भक्ति में पूरी तरह लीन नजर आए।
विशेष बात यह रही कि दिनभर हुई मूसलाधार बारिश के बावजूद कावड़ियों का उत्साह कम नहीं हुआ। भीगते हुए भी श्रद्धालुओं ने पैदल यात्रा कर भगवान शिव का जलाभिषेक किया।
मंदिर समिति के अनुसार सावन में प्रत्येक सोमवार को यहां कावड़ यात्रा का आयोजन होता है, परंतु इस बार सोमवार और नाग पंचमी एक साथ होने के कारण श्रद्धालुओं की संख्या सामान्य दिनों की तुलना में कई गुना अधिक रही।
सम्पूर्ण क्षेत्र में आज भक्ति, श्रद्धा और आस्था का अद्भुत नजारा देखने को मिला।

