कोटपूतली-बहरोड़। जिले के निजी विद्यालय संचालकों ने स्कूल शिक्षा परिवार के जिलाध्यक्ष जे एस फागणा के नेतृत्व में मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा। संचालकों ने RTE पुनर्भरण में अत्यधिक विलंब, पोर्टल की विसंगतियों और विभागीय अधिकारियों के रवैये पर कड़ी नाराजगी जताई।

ज्ञापन में बताया गया कि जिले के निजी विद्यालय सत्र 2024-25 और 2025-26 का RTE पुनर्भरण अब तक प्राप्त नहीं कर पाए हैं। इसी राशि से विद्यालयों में स्टाफ को वेतन और दैनिक खर्चों का भुगतान होता है। भुगतान में हो रही देरी के कारण विद्यालय संचालन ठप होने की कगार पर है। संचालकों ने कहा कि कई स्कूलों में कर्मचारियों को 2 वर्ष से वेतन नहीं मिल पाया है।
संचालकों ने PSP पोर्टल और UDISE में आ रही तकनीकी खामियों का मुद्दा भी उठाया। उनका कहना था कि आंकड़े भरने के बाद भी 15 से 20 दिनों तक निस्तारण नहीं हो रहा। पिछले 2 माह से PSP पोर्टल व UDISE मिसमैच के प्रकरण लंबित हैं। बिल बनाकर AD कार्यालय भेजने के बाद भी पोर्टल से मैसेज अपने आप गायब हो जा रहे हैं। पास ऑर्डर जारी करने में हो रही देरी के कारण भुगतान और अधिक लटक रहा है।
ज्ञापन में प्राथमिक एवं माध्यमिक अनुभाग के प्रभारियों पर दुर्व्यवहार का आरोप भी लगाया गया। संचालकों ने कहा कि फाइलों को अनावश्यक रूप से लटकाया जा रहा है और विद्यालय संचालकों से अभद्र व्यवहार किया जा रहा है।
जिलाध्यक्ष जे एस फागणा ने मांग की कि इन सभी समस्याओं का शीघ्र न्यायोचित समाधान किया जाए ताकि निजी विद्यालय सुचारू रूप से चल सकें और विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न हो। इस अवसर पर जिले के समस्त ब्लॉक अध्यक्ष सहित बड़ी संख्या में निजी विद्यालय संचालक उपस्थित रहे।

