A2Z सभी खबर सभी जिले कीबिहारसारन
Trending

गौतम अडाणी ने सारण में 150 करोड़ की नेत्र स्वास्थ्य परियोजना की रखी आधारशिला

मस्तीचक में बनेगा ‘अडाणी सेंटर फॉर आई’, हर वर्ष 3.3 लाख सर्जरी और 1000 स्वास्थ्यकर्मियों को मिलेगा प्रशिक्षण

छपरा (बिहार) से डॉ देशराज बिक्रांत की रिपोर्ट

*छपरा, 17 मई।** बिहार के सारण जिले के मस्तीचक में रविवार को देश की ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण पहल की शुरुआत हुई। Gautam Adani ने 150 करोड़ रुपये की लागत वाली नेत्र स्वास्थ्य परियोजना की आधारशिला रखी। “सेवा ही साधना है” के मूलमंत्र पर आधारित इस परियोजना का उद्देश्य ग्रामीण एवं दूरदराज क्षेत्रों में सस्ती, सुलभ और गुणवत्तापूर्ण नेत्र चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराना है।

भूमि पूजन कार्यक्रम के दौरान गौतम अडाणी ने देशभर में नेत्र स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार के लिए बड़े मिशन की घोषणा करते हुए कहा कि किसी व्यक्ति की आंखों की रोशनी लौटाना केवल चिकित्सा नहीं, बल्कि उसके जीवन में आशा, आत्मविश्वास और सम्मान वापस लौटाने जैसा पुण्य कार्य है। उन्होंने कहा कि बिहार सदैव देश को नई चेतना देने वाली भूमि रही है और यह परियोजना उसी सेवा भावना को आगे बढ़ाने का प्रयास है।

इस परियोजना के अंतर्गत मस्तीचक में अत्याधुनिक ‘अडाणी सेंटर फॉर आई’ तथा ‘अडाणी ट्रेनिंग इन ऑप्थैल्मिक मेडिसिन’ की स्थापना की जाएगी। परियोजना के माध्यम से प्रतिवर्ष लगभग 3.3 लाख नेत्र सर्जरी किए जाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जबकि करीब 1000 स्वास्थ्य पेशेवरों को नेत्र चिकित्सा के क्षेत्र में प्रशिक्षण दिया जाएगा। विशेषज्ञों के अनुसार यह पहल दुनिया के सबसे बड़े ग्रामीण नेत्र चिकित्सा नेटवर्कों में शामिल हो सकती है।

Related Articles

कार्यक्रम में अडाणी फाउंडेशन की चेयरपर्सन डॉ. प्रीति अडाणी तथा अखंड ज्योति आई हॉस्पिटल के सह-संस्थापक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी मृत्युंजय तिवारी भी मौजूद रहे। इस अवसर पर 10 एंबुलेंस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया, ताकि बिहार एवं आसपास के दूरस्थ गांवों तक नेत्र चिकित्सा सेवाएं पहुंचाई जा सकें। गौतम अडाणी ने परियोजना के दीर्घकालिक संचालन के लिए अतिरिक्त सहयोग देने की भी घोषणा की।

अखंड ज्योति आई हॉस्पिटल के सह-संस्थापक मृत्युंजय तिवारी ने अडाणी समूह के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह साझेदारी केवल भवन निर्माण तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े वंचित लोगों के जीवन में दृष्टि, सम्मान और अवसर प्रदान करने का साझा संकल्प है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह सहयोग आने वाले वर्षों में करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाएगा।

इस दौरान अडाणी फाउंडेशन और अखंड ज्योति आई हॉस्पिटल ने पीरपैंती में 200 बेड वाले अस्पताल की स्थापना की घोषणा भी की। यह अस्पताल बिहार के बड़े हिस्से तक किफायती स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने में सहायक होगा। उल्लेखनीय है कि पीरपैंती में अडाणी समूह 2400 मेगावॉट क्षमता का अल्ट्रा-सुपरक्रिटिकल थर्मल पावर प्लांट भी स्थापित कर रहा है।

देशभर में नेत्र चिकित्सा विस्तार के लिए 500 करोड़ की अतिरिक्त प्रतिबद्धता

गौतम अडाणी ने देशभर के वंचित समुदायों तक सस्ती नेत्र चिकित्सा सुविधाएं पहुंचाने के लिए 500 करोड़ रुपये की व्यक्तिगत प्रतिबद्धता की घोषणा भी की। ‘अडाणी अखंड ज्योति फाउंडेशन’ बिहार के बाहर भी दूरस्थ क्षेत्रों में आंखों के इलाज की सुविधाएं उपलब्ध कराएगा। इन सभी परियोजनाओं पर कुल निवेश 700 करोड़ रुपये से अधिक होने का अनुमान है।

उन्होंने याद दिलाया कि वर्ष 2022 में अपने 60वें जन्मदिन के अवसर पर उन्होंने स्वास्थ्य, शिक्षा और कौशल विकास के लिए 60,000 करोड़ रुपये की सामाजिक प्रतिबद्धता की घोषणा की थी। वहीं पिछले वर्ष अपने पुत्र जीत अडाणी के विवाह अवसर पर 10,000 करोड़ रुपये की अतिरिक्त सामाजिक सहायता की भी घोषणा की गई थी। 

बिहार में लगातार बढ़ रहा अडाणी समूह का निवेश

नेत्र स्वास्थ्य परियोजना बिहार में अडाणी समूह की बढ़ती निवेश प्रतिबद्धता को भी दर्शाती है। राज्य में समूह का कुल निवेश लगभग 40,000 करोड़ रुपये तक पहुंच चुका है। इसमें 27,000 करोड़ रुपये की लागत से स्थापित किया जा रहा 2400 मेगावॉट का अल्ट्रा-सुपरक्रिटिकल थर्मल पावर प्लांट शामिल है, जिसे बिहार में निजी क्षेत्र का सबसे बड़ा निवेश माना जा रहा है।

इसके अलावा इंडियन ऑयल अडाणी गैस प्राइवेट लिमिटेड गयाजी एवं नालंदा में सिटी गैस वितरण नेटवर्क विकसित कर रही है, जबकि अडाणी एनर्जी सॉल्यूशंस लिमिटेड उत्तरी बिहार में लगभग 30 लाख स्मार्ट मीटर लगाने का कार्य कर रही है। वहीं नवादा और मुजफ्फरपुर में दो बड़ी सीमेंट ग्राइंडिंग इकाइयों के विस्तार पर करीब 3000 करोड़ रुपये का निवेश भी किया जा रहा है।

उल्लेखनीय है कि वर्ष 2005 में 30 बिस्तरों वाले छोटे अस्पताल के रूप में शुरू हुआ अखंड ज्योति आई हॉस्पिटल आज देश के प्रमुख नेत्र चिकित्सा संस्थानों में शामिल हो चुका है। अब तक यहां 14 लाख से अधिक लोगों की आंखों की रोशनी लौटाई जा चुकी है, जबकि लाखों लोगों की आंखों की जांच की जा चुकी है।

 

Show More
Back to top button
error: Content is protected !!