

हमीरपुर से ब्यूरो चीफ राजकुमार की रिपोर्ट
हमीरपुर। कलेक्ट्रेट परिसर स्थित डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम सभागार में रविवार को अंशकालिक अनुदेशकों के सम्मान समारोह एवं मानदेय वितरण कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद बाबूराम निषाद रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में डॉ. मनोज प्रजापति, कुलदीप निषाद सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ सरस्वती प्रतिमा पर दीप प्रज्ज्वलन एवं पुष्प अर्पण के साथ हुआ। इस दौरान अतिथियों ने अंशकालिक अनुदेशकों को शिक्षा व्यवस्था की मजबूत कड़ी बताते हुए उनके योगदान की सराहना की।
राज्यसभा सांसद बाबूराम निषाद ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षकों की कमी के समय अनुदेशकों ने शिक्षा व्यवस्था को मजबूती दी और बच्चों के ज्ञान व व्यक्तित्व विकास में अहम भूमिका निभाई। वहीं सदर विधायक डॉ. मनोज प्रजापति ने कहा कि सरकार द्वारा मानदेय वृद्धि अनुदेशकों की सेवाओं के प्रति सम्मान का प्रतीक है।
कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी एवं जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने भी अनुदेशकों की भूमिका को राष्ट्र निर्माण से जोड़ते हुए उनके कार्यों की प्रशंसा की। इस दौरान अतिथियों द्वारा बढ़े हुए मानदेय की डीबीटी धनराशि के प्रतीक स्वरूप ₹17 हजार के चेक वितरित किए गए।
समारोह में करीब 300 से अधिक अंशकालिक अनुदेशकों की उपस्थिति रही। कार्यक्रम का संचालन जीके द्विवेदी एवं मंजीता अहिरवार ने किया।