मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान: पांढुर्णा में जनसेवा समिति का प्रेरणादायक आयोजन
संवाददाता धनंजय जोशी 
जिला पांढुरना मध्य प्रदेश
पांढुर्णा। शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से जनसेवा समिति द्वारा 25 अप्रैल 2026 को एक भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में कक्षा 10वीं एवं 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं में श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को प्रमाणपत्र, गोल्ड मेडल और शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया गया।

समारोह में जिले एवं ब्लॉक स्तर की मेरिट सूची में स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों का विशेष रूप से अभिनंदन किया गया। साथ ही कक्षा 12वीं के वाणिज्य, बायोलॉजी, विज्ञान, गणित और अर्थशास्त्र संकाय के जिला टॉपर्स को भी मंच पर सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
कार्यक्रम की विशेषता यह रही कि उन शासकीय विद्यालयों के प्राचार्यों एवं शिक्षकों को भी सम्मानित किया गया, जिन्होंने शत-प्रतिशत परीक्षा परिणाम देकर शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान दिया। इसके अतिरिक्त, क्षेत्र के 17 निजी विद्यालयों से कक्षा 10वीं के तीन एवं कक्षा 12वीं के तीन—कुल छह मेधावी विद्यार्थियों को प्रत्येक विद्यालय से सम्मानित कर उनकी उपलब्धियों को सराहा गया।

इस अवसर पर क्षेत्र के विधायक श्री निलेश उइके मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता, निरंतर परिश्रम और अनुशासन ही सफलता की कुंजी है। उन्होंने सभी विद्यार्थियों को भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम का सफल मंच संचालन संजय राठौर एवं रीया मसतकर ने किया। जनसेवा समिति के अध्यक्ष जयंत घोड़े एवं सचिव धनश्री जयंत घोड़े के नेतृत्व में यह आयोजन गरिमामय रूप से संपन्न हुआ।
समिति के सदस्य आकाश कोल्हे, उज्वल देशमुख, आशीष घोड़े एवं नेहिल सांबारे ने कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। समारोह के दौरान सभी विद्यार्थियों के लिए वेलकम ज्यूस की व्यवस्था की गई तथा समापन पर साउथ इंडियन स्वल्पाहार (इडली-सांभर) भी कराया गया।
समिति के अध्यक्ष जयंत घोड़े ने बताया कि इस सम्मान समारोह का उद्देश्य विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करना और अन्य छात्रों में शिक्षा के प्रति सकारात्मक प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करना है। उन्होंने विश्वास जताया कि ऐसे आयोजन भविष्य में भी निरंतर जारी रहेंगे और शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वालों को सम्मानित किया जाता रहेगा।
यह आयोजन न केवल मेधावी विद्यार्थियों के लिए सम्मान का क्षण रहा, बल्कि अन्य छात्रों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनकर उभरा।

