

हमीरपुर से ब्यूरो चीफ राजकुमार की रिपोर्ट
हमीरपुर। थाना सुमेरपुर पुलिस व एसओजी/सर्विलांस टीम के संयुक्त प्रयास से अज्ञात महिला हत्याकांड का सफल अनावरण करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त ट्रक भी बरामद किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 21 अप्रैल 2026 को सुमेरपुर थाना क्षेत्र में एनएच-34 किनारे एक अज्ञात महिला का शव बरामद हुआ था। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और फील्ड यूनिट टीम के साथ साक्ष्य संकलन कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। जांच के दौरान महिला की पहचान पूजा (उम्र लगभग 28 वर्ष) निवासी कानपुर नगर के रूप में हुई, जिसकी पहचान उसके पति शिवमंगल ने की।
मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर इलेक्ट्रॉनिक व भौतिक साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। जांच के दौरान ट्रक संख्या UP78DT8815 संदिग्ध पाया गया। पूछताछ में वाहन चालक महेंद्र कुमार पाल पुत्र रामसेवक पाल निवासी भीतरी गांव, थाना साढ़, कानपुर नगर (दक्षिण) का नाम सामने आया।
पुलिस ने 25 अप्रैल की सुबह करीब 4:55 बजे सुमेरपुर क्षेत्र के इटरा मोड़ के पास से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह महिला को पहले से जानता था और घटना वाले दिन उसे ट्रक में बैठाकर ले जा रहा था। रास्ते में दोनों के बीच विवाद हुआ, जो शराब के नशे में बढ़ गया। इसी दौरान आरोपी ने महिला का गला दबाकर हत्या कर दी और शव को नाले के पास फेंककर फरार हो गया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में प्रस्तुत किया है। घटना के सफल खुलासे में थाना सुमेरपुर पुलिस व एसओजी/सर्विलांस टीम की अहम भूमिका रही।