A2Z सभी खबर सभी जिले की

हमीरपुर :पट्टे की जमीन के पुराने विवाद में चली गोली, युवक गंभीर

हमीरपुर से ब्यूरो चीफ राजकुमार की रिपोर्ट

सरीला/हमीरपुर। जरिया थाना क्षेत्र के करियारी गांव में शुक्रवार को पट्टे की जमीन को लेकर चल रहे पुराने पारिवारिक विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि चचेरे भाई ने 315 बोर के तमंचे से फायर कर युवक को गोली मार दी। गोली लगने से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि आरोपी घटना के बाद मौके से फरार हो गया।जानकारी के अनुसार करियारी गांव निवासी अर्जुन पुत्र मुरलीधर (36 वर्ष) के बाएं पैर में गोली लगी। घटना की सूचना पीआरवी-112 के माध्यम से थाना जरिया पुलिस को मिली। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सरीला भेजा गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए मेडिकल कॉलेज उरई रेफर कर दिया।बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों के बीच पट्टे की जमीन को लेकर करीब 30 वर्षों से विवाद चला आ रहा है। इस मामले में कई बार पंचायत भी हो चुकी थी, लेकिन विवाद का स्थायी समाधान नहीं निकल सका। शुक्रवार को इसी विवाद के चलते कहासुनी के बाद फायरिंग की घटना हो गई।पुलिस के अनुसार घायल के घाव पर जले का निशान पाया गया है, जिससे प्रथम दृष्टया नजदीक से गोली चलाए जाने की संभावना प्रतीत होती है। पुलिस मामले की जांच कर रही है तथा तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।क्षेत्राधिकारी सरीला शाहरुख खान ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची थी। घायल को उपचार के लिए भेज दिया गया है। गांव में शांति एवं कानून-व्यवस्था की स्थिति सामान्य है तथा आरोपी की तलाश की जा रही है।

Show More
Back to top button