

हमीरपुर से ब्यूरो चीफ राजकुमार की रिपोर्ट
मौदहा हमीरपुर। कस्बे के बड़े चौराहा क्षेत्र में सड़क किनारे खड़ी बसों, ट्रकों और अव्यवस्थित ई-रिक्शों के कारण यातायात बाधित होने और दुर्घटना की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की। एआरटीओ अभिताभ रॉय और क्षेत्राधिकारी राजकुमार पांडेय के नेतृत्व में चलाए गए अभियान के दौरान कई बसों को सीज कर गल्ला मंडी में खड़ा कराया गया।
अधिकारियों ने बताया कि लंबे समय से एनएच-34 किनारे भारी वाहन और ई-रिक्शा अव्यवस्थित तरीके से खड़े होने के कारण जाम की स्थिति बन रही थी। शिकायतों के बाद संयुक्त अभियान चलाकर कार्रवाई की गई।
अभियान के दौरान बसों पर सीज की कार्रवाई की गई, जबकि सड़क किनारे खड़े ट्रकों और ई-रिक्शा चालकों को कड़ी चेतावनी देकर हटवाया गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि दोबारा अतिक्रमण या अवैध रूप से वाहन खड़े पाए जाने पर उनके खिलाफ भी सीज और दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
एआरटीओ अभिताभ रॉय ने कहा कि सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। वहीं क्षेत्राधिकारी राजकुमार पांडेय ने कहा कि व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे।
कार्रवाई के बाद वाहन संचालकों में हड़कंप मचा रहा, जबकि स्थानीय लोगों ने राहत जताई। लोगों का कहना है कि बड़े चौराहा में लंबे समय से खड़े भारी वाहन और ई-रिक्शा जाम व हादसों की वजह बन रहे थे। उन्होंने अभियान को लगातार जारी रखने की मांग की है।