

हमीरपुर से ब्यूरो चीफ राजकुमार की रिपोर्ट
राठ,हमीरपुर। थाना कोतवाली राठ पुलिस ने चोरी के एक मामले का खुलासा करते हुए दो वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी गया सामान व नकदी बरामद की है। पुलिस ने आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया है।
पुलिस के अनुसार मु0अ0सं0 125/2026 धारा 305 बीएनएस से संबंधित मामले में वांछित अभियुक्त राजकुमार अहेरिया (35) निवासी अहीर नगला, जनपद हाथरस तथा पप्पू उर्फ महिपाल (38) निवासी भजन नगला, जनपद एटा को 25 अप्रैल को राठ-पनवाड़ी मार्ग पर नौहाई मोड़ के पास से गिरफ्तार किया गया।
तलाशी के दौरान अभियुक्तों के कब्जे से दो जोड़ी बिछिया, एक जोड़ी पायल (सफेद धातु) तथा 6310 रुपये नकद बरामद हुए।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्तों में से पप्पू उर्फ महिपाल के विरुद्ध एटा व महोबा जनपदों में हत्या के प्रयास, लूट, चोरी व गैंगस्टर एक्ट सहित कई गंभीर धाराओं में पूर्व से मुकदमे दर्ज हैं। वहीं राजकुमार अहेरिया के खिलाफ भी आर्म्स एक्ट के तहत मामले दर्ज हैं।
गिरफ्तारी टीम में उपनिरीक्षक नीरज, उपनिरीक्षक गौरव शुक्ला, हेड कांस्टेबल बृजेन्द्र कुमार व कांस्टेबल छोटे सिंह शामिल रहे।