

हमीरपुर से ब्यूरो चीफ राजकुमार की रिपोर्ट
मौदहा हमीरपुर। लगभग एक साथ जिले में स्थानांतरण होकर आए जिलाधिकारी अभिषेक गोयल और पुलिस अधीक्षक मृगांक शेखर पाठक ने मौदहा कोतवाली में आयोजित समाधान दिवस पर लोगों की शिकायतें सुनी और उसके बाद तहसील, अस्पताल और मण्डी समिति का निरीक्षण किया और अपने मातहतों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
अप्रैल महीने के शुरू में जिले की जिम्मेदारी सम्भालने वाले जिलाधिकारी अभिषेक गोयल और उनके साथ जनपद की कानून व्यवस्था की जिम्मेदारी संभालने वाले पुलिस अधीक्षक मृगांक शेखर पाठक ने महीने के चौथे शनिवार को मौदहा तहसील में आयोजित समाधान दिवस पर फरियादियों की शिकायतें सुनी और उनके जल्द तथा गुणवत्ता पूर्ण निस्तारण का आदेश दिया। हालांकि ऐसे आयोजनों का प्रचार प्रसार नहीं होने के चलते आम फरियादियों को जानकारी नहीं होने के कारण फरियादियों की संख्या गिनी चुनी रही।
इसके बाद जिलाधिकारी ने मौदहा तहसील का निरीक्षण किया और तहसील के कमरों में टूटे कांच, गंदगी और पेयजल व्यवस्था सही नहीं होने पर सख्त नाराजगी जताते हुए जल्द सबकुछ सही करने के निर्देश दिए। तहसील के बाद जिलाधिकारी अभिषेक गोयल ने मौदहा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंच वहां की व्यवस्था, दवाओं का स्टाक और मरीजों के साथ तीमारदारों के बैठने आदि की जगह का निरीक्षण कर दवाओं की उपलब्धता की जानकारी की।
वहीं जिलाधिकारी ने कस्बे सहित क्षेत्र की बडी खेतिहर आबादी को देखते हुए गल्ला मण्डी पहुंच गेंहू खरीद केंद्र का निरीक्षण कर केंद्र संचालकों से तौल में आने वाली समस्या जैसे बारदाना आदि के बारे में जानकारी करते हुए किसानों से बातचीत की जिसपर किसानों ने संतुष्टि जताई।इस दौरान उपजिलाधिकारी कर्णवीर सिंह, क्षेत्राधिकारी राजकुमार पाण्डेय, तहसीलदार शिखर मिश्रा, कोतवाली प्रभारी संतोष सिंह सहित उनके मातहत मौजूद रहे।
बताते चलें कि समाधान दिवस में बार बार शिकायत दर्ज कराने के बाद भी गुणवत्ता पूर्ण समाधान नहीं होना और जिले के आला अधिकारियों के आने का प्रचार प्रसार नहीं होने के चलते लगातार ऐसे आयोजनों में फरियादियोँ की संख्या गिरती जा रही है।