
जनता दरबार के माध्यम से प्रशासन और आमजन के बीच सीधा संवाद मजबूत

लोगों में यह विश्वास बढ़ रहा है कि उनकी समस्याओं का समाधान अब पारदर्शी और प्रभावी तरीके से किया जा रहा
जहानाबाद। जिले में आम लोगों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए पुलिस प्रशासन सक्रिय है। इसी क्रम में शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक अपराजित लोहान ने जनता दरबार का आयोजन किया। इसमें विभिन्न क्षेत्रों से आए फरियादियों की शिकायतों को गंभीरता से सुना गया। जनता दरबार में कुल 19 शिकायतें दर्ज की गईं। इनमें मुख्य रूप से भूमि विवाद, पारिवारिक मामले, आपराधिक घटनाएं और अन्य स्थानीय समस्याएं शामिल थीं। बड़ी संख्या में लोग अपनी समस्याओं के समाधान की उम्मीद लेकर पहुंचे थे।
पुलिस अधीक्षक ने सभी मामलों को ध्यानपूर्वक सुना और त्वरित कार्रवाई का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि आमजन की समस्याओं का समय पर निष्पादन उनकी प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस अवसर पर संबंधित थाना प्रभारियों और विभागीय पदाधिकारियों को निर्देश दिए गए। उन्हें सभी शिकायतों की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने और जल्द से जल्द उनका समाधान करने को कहा गया।
एसपी ने तत्काल कार्रवाई योग्य मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाने पर जोर दिया, ताकि लोगों को अनावश्यक परेशानी से बचाया जा सके। जनता दरबार के माध्यम से प्रशासन और आमजन के बीच सीधा संवाद मजबूत हो रहा है। इससे लोगों में यह विश्वास बढ़ रहा है कि उनकी समस्याओं का समाधान अब पारदर्शी और प्रभावी तरीके से किया जा रहा है।