कटनी। नगर में पेयजल समस्या हर वर्ष ही ग्रीष्म काल में समूचे शहर को सताने लगता है। शहर में निर्बाध जलापूर्ति करने को लेकर कलेक्टर अवि प्रसाद, महापौर प्रीति संजीव सूरी द्वारा कई तरह के जतन किए गए। पानी के दुरुपयोग पर प्रतिबंध भी लगाए गए। ग्रीष्म ऋतु का आगाज हो चुका है और शहर में कई जगह पेयजल की समस्या सामने आने लगी है। ऐसे में नगर निगम के द्वारा निर्माण कार्य के लिए पेयजल बेचा जाना बेहद चिंता जनक है। सूत्र बताते हैं कि नगर निगम के कर्मचारियों के द्वारा चंद रूपयों के लालच में पानी के टैंकर निर्माण स्थल पर पहुंचाए जा रहे हैं। उभरते हुए जल संकट के बीच नगर निगम द्वारा बरती जा रही इस तरह की लापरवाही बेहद चिंताजनक है। 3000 में बेच रहे टैंकर सूत्रों की माने तो नगर निगम के कर्मचारियों के द्वारा निर्माण कार्य करने वालों को ₹3000 प्रति टैंकर के हिसाब से सप्लाई प्रदान की जा रही है। नगर निगम के कर्मचारियों की यह लापरवाही जल संकट के दौरान शहर वासियों के लिए और कई तरह की मुसीबत खड़ी कर सकती है। नगर निगम के कर्मचारियों द्वारा निर्माण कर्ताओं को बेचे जा रहे पानी को लेकर बातचीत करते हुए प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि यदि इसी तरह निर्माण कार्य में पानी की बर्बादी की जाती रही तो इसका परिणाम आम जनमानस को भोगना पड़ सकता है। इस दिशा में आम जनमानस को भी आगे आकर विरोध करना चाहिए यदि किसी निर्माण स्थल पर नगर निगम के टैंकर पानी सप्लाई करते देखे तो उसका विरोध अवश्य करना चाहिए क्योंकि जल है तो जीवन है।