

हमीरपुर से ब्यूरो चीफ राजकुमार की रिपोर्ट
हमीरपुर। जिलाधिकारी अभिषेक गोयल की अध्यक्षता में उर्वरकों की उपलब्धता एवं उनके पारदर्शी वितरण को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला स्तरीय निगरानी समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में “धरती माता बचाओ” अभियान और प्रधानमंत्री प्रणाम योजना के तहत उर्वरकों के संतुलित उपयोग को बढ़ावा देने के लिए जागरूकता अभियान पर विशेष जोर दिया गया।
बैठक की शुरुआत में जिला कृषि अधिकारी ने जनपद में उर्वरकों की वर्तमान उपलब्धता और निर्धारित लक्ष्यों की विस्तृत जानकारी दी। साथ ही उन्होंने नैनो डीएपी और नैनो यूरिया के उपयोग, उनकी उपयोगिता तथा किसानों को होने वाले लाभों के बारे में विस्तार से बताया।
इसके बाद कृषि रक्षा अधिकारी की विभिन्न योजनाओं की समीक्षा की गई और संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वे निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध और प्रभावी तरीके से पूरा करें।
बैठक के समापन पर जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि शासन की योजनाओं के अनुरूप शीघ्र कार्ययोजना तैयार कर समय से पहले उनका सफल क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए, ताकि किसानों को अधिकतम लाभ मिल सके।