
मौदहा से जिला ब्यूरो चीफ राजकुमार की रिपोर्ट
हमीरपुर। मझगवां थाना क्षेत्र के ग्राम खिरिया निवासी मोहित अहिरवार ने वर्तमान ग्राम प्रधान बृजेन्द्र सिंह लोधी, उनके पुत्र यशवंत उर्फ अंकित तथा एक अन्य पुत्र शिवम पर घर में घुसकर मारपीट, जातिसूचक गालियां देने, मोबाइल छीनने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने इस संबंध में पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत पत्र के अनुसार, 26 जुलाई 2026 की शाम करीब तीन बजे आरोपी उसके घर में घुस आए और जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर आरोपियों ने लात-घूंसों से मारपीट की तथा घटना का वीडियो बना रहे व्यक्ति का मोबाइल और पीड़ित का मोबाइल भी छीन लिया। पीड़ित का आरोप है कि आरोपियों ने जान से मारने की धमकी भी दी।
मोहित अहिरवार का कहना है कि उसने घटना की सूचना मझगवां थाने में दी, लेकिन न तो उसकी रिपोर्ट दर्ज की गई और न ही समय पर मेडिकल परीक्षण कराया गया। बाद में पुलिस अधीक्षक से शिकायत करने के बावजूद कार्रवाई न होने पर उसने स्वयं राठ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर मेडिकल परीक्षण कराया। पीड़ित ने आरोप लगाया कि ग्राम प्रधान के राजनीतिक प्रभाव के कारण पुलिस प्रभावी कार्रवाई नहीं कर रही है। उसने यह भी दावा किया कि पिछले वर्ष भी इन्हीं लोगों ने उसके साथ मारपीट की थी, लेकिन तब भी कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
इस मामले में मझगवां थाना प्रभारी ने बताया कि प्रकरण संज्ञान में है और जांच कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी। वहीं मीडिया सेल की ओर से भी जानकारी दी गई कि शिकायत के संबंध में थाना मझगवां पुलिस को जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।

