
मौदहा से जिला ब्यूरो चीफ राजकुमार की रिपोर्ट
हमीरपुर। समाजवादी अल्पसंख्यक सभा, हमीरपुर के पदाधिकारियों ने सोमवार को राज्यपाल के नाम संबोधित ज्ञापन प्रशासन को सौंपकर रामपुर स्थित मोहम्मद अली जौहर विश्वविद्यालय के 38 भवनों को ध्वस्त किए जाने की प्रस्तावित कार्रवाई का विरोध किया। ज्ञापन में कहा गया कि इस कार्रवाई से हजारों छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और कर्मचारियों का भविष्य प्रभावित होगा। संगठन ने कार्रवाई को छात्रहित और जनहित के विरुद्ध बताते हुए इसे निरस्त करने की मांग की।

ज्ञापन दे कर बताया गया कि विश्वविद्यालय के निर्माण के समय संबंधित क्षेत्र रामपुर विकास प्राधिकरण के विनियमित क्षेत्र में शामिल नहीं था, इसलिए वर्तमान कार्रवाई उचित नहीं है। साथ ही मांग की गई कि पूरे मामले में निष्पक्ष एवं न्यायसंगत कार्रवाई की जाए।
इस अवसर पर भारत रत्न पूर्व राष्ट्रपति डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम की पुण्यतिथि भी सपा अल्पसंख्यक सभा कार्यालय पर मनाई गई। उपस्थित लोगों ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी तथा उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में मो. रिजवान खान (जिलाध्यक्ष/पूर्व सभासद) के नेतृत्व में ज्ञापन सौंपा गया। इस दौरान अरशद मामा मौदहा , अनार सिंह यादव , लाला प्रधान, बीरबल सिंह चौधरी ,ज्ञान सिंह यादव, गया प्रसाद अनुरागी (जिला सचिव) सहित संगठन के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

