
संवाददाता धनंजय जोशी
जिला पांढुरना मध्य प्रदेश
समय-सीमा बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं एवं विकास कार्यों की हुई समीक्षा,आयुष्मान एम्पायर, पेयजल व्यवस्था, सड़क मरम्मत एवं निर्माण कार्यों को लेकर दिए गए आवश्यक निर्देश,मुख्यमंत्री सीखो-कमाओ योजना एवं श्रम योग मानधन योजना की प्रगति बढ़ाने पर जोर
पांढुर्णा/11 जून 2026/
प्रभारी कलेक्टर श्री अग्रिम कुमार की अध्यक्षता में कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में समय-सीमा बैठक संपन्न हुई। बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं एवं विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।
बैठक में बीएमओ पांढुर्णा को आयुष्मान एम्पायर के लिए 4-5 बेड वाले प्राइवेट हॉस्पिटल का पंजीयन कराने के निर्देश दिए गए। प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना (PMKSY) अंतर्गत आमला ग्राम पंचायत की पुलिया की जानकारी ली गई तथा निर्माण कार्य शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही जनपद पंचायत सीईओ सौसर को मामले की जांच करने के निर्देश भी प्रदान किए गए।

संयुंक्त कलेक्टर सुश्री मेघा शर्मा एवं सहायक खनि अधिकारी श्री महेश नागपुरे से 62 स्कूलों की छतों की मरम्मत कार्य की जानकारी प्राप्त की गई तथा कार्य जल्द से जल्द पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए। लेबर ऑफिसर के लगातार टीएल बैठक में अनुपस्थित रहने पर उनके विरुद्ध डीओ ऑफिस लेटर जारी करने के निर्देश दिए गए, जिसमें उनके टीएल प्रकरणों की जानकारी एवं निलंबन संबंधी उल्लेख किए जाने के निर्देश प्रदान किए गए।
बैठक में आरटीओ कार्यालय को बसों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए विशेष जांच अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। महिला एवं बाल विकास अधिकारी श्रीमती मोनिका बीसेन को बाल आशीर्वाद योजना अंतर्गत वंशिका की अंतरित राशि को अपडेट करने के निर्देश दिए गए। साथ ही पोषण आहार पैकेटों की जानकारी, निरीक्षण रिपोर्ट एवं सत्यापन कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

पीडब्ल्यूडी विभाग से शांति धाम में किए जा रहे सौंदर्यीकरण एवं समतलीकरण कार्यों की जानकारी प्राप्त की गई। पीडब्ल्यूडी एसडीओ श्री शुभांशु चौरसिया को जलमग्न होने वाली पुलियाओं पर रपटों की व्यवस्था करने एवं समस्याओं का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग (पीएचई) को पेयजल व्यवस्था के लिए जल अधिग्रहण संबंधी आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए। जनपद पंचायत सीईओ सौसर को ग्राम तिनखेड़ा में पेयजल अधिग्रहण व्यवस्था का निरीक्षण कर आवश्यक जानकारी प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। इसके अतिरिक्त पीएचई विभाग को ग्रामीण विद्यालयों में पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा नल-जल योजना के अंतर्गत लंबित प्रकरणों के निराकरण के लिए सीईओ पांढुर्णा एवं सौसर को आवश्यक निर्देश प्रदान किए गए।
नगरपालिका पांढुर्णा के सीएमओ श्री राजकुमार इवनाती को नागपुर-पांढुर्णा रोड की मरम्मत कराने के निर्देश दिए गए। वहीं सीईओ पांढुर्णा, सीईओ सौसर एवं एसडीएम पांढुर्णा तथा सौसर को श्रम योग मानधन योजना के अंतर्गत दो-दो ग्राम पंचायतों का निरीक्षण कर योजना की प्रगति एवं प्रतिशत बढ़ाने के निर्देश दिए गए।
बैठक में आईटीआई प्राचार्य श्री ज्ञानदेव तलमले को मुख्यमंत्री सीखो-कमाओ योजना एवं औद्योगिक इंटर्नशिप कार्यक्रम के निर्धारित लक्ष्यों को समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में अतिरिक्त कलेक्टर श्री नीलमणि अग्निहोत्री, संयुक्त कलेक्टर सुश्री मेघा शर्मा एवं सुश्री नेहा सोनी, एसडीएम श्रीमती अलका एक्का, सीईओ पांढुर्णा श्री विनय प्रकाश ठाकुर, सीईओ सौसर श्री प्रियंक मिश्रा तथा प्रभारी तहसीलदार पांढुर्णा सुश्री प्रेक्षा पाठक सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।