

हमीरपुर से ब्यूरो चीफ राजकुमार की रिपोर्ट
हमीरपुर/सरीला। जरिया थाना क्षेत्र के ग्राम चंडौत स्थित बेतवा नदी पुल के पास बुधवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। दोस्तों के साथ नहाने गया 17 वर्षीय किशोर नदी में डूब गया, जिससे उसकी मौत हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार, हनी पुत्र शिवकुमार (17 वर्ष), निवासी ग्राम बमरौली थाना मोठ जनपद झांसी, जालौन के ग्राम इटौरा में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होने आया था। बुधवार सुबह करीब 7 बजे वह अपने चार दोस्तों के साथ बेतवा नदी पार कर नहाने पहुंचा।
बताया जा रहा है कि किशोर को तैरना नहीं आता था। नहाने के दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चला गया, जिससे वह डूब गया। घटना की सूचना मिलते ही जरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की मदद से युवक को बाहर निकाला गया।
आनन-फानन में उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सरीला ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।
इस हादसे के बाद शादी की खुशियां मातम में बदल गईं। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।