

हमीरपुर से ब्यूरो चीफ राजकुमार की रिपोर्ट
सुमेरपुर हमीरपुर । जनपद के छोटे से गांव टेढ़ा की बेटी श्वेता साहू ने अपनी मेहनत और लगन से एक शानदार उपलब्धि हासिल कर पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग, प्रयागराज द्वारा आयोजित सहायक समीक्षा अधिकारी/समीक्षा अधिकारी परीक्षा 2023 में उन्होंने 58वीं रैंक प्राप्त कर सफलता का परचम लहराया है। उनकी इस उपलब्धि से परिवार ही नहीं, बल्कि पूरे गांव में खुशी की लहर दौड़ गई है।
उच्च प्राथमिक विद्यालय टेढ़ा के शिक्षक पिता राम विलास साहू ने बताया कि बेटी श्वेता साहू ने प्रारंभिक शिक्षा गांव के उच्च प्राथमिक विद्यालय से प्राप्त की। इसके बाद उन्होंने अपनी उच्च शिक्षा में भी निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। उन्होंने महर्षि विद्या मंदिर इंटर कॉलेज कुछेछा हमीरपुर से हाईस्कूल, पूरन चंद्र विद्या निकेतन कानपुर से इंटरमीडिएट शिक्षा तथा स्नातक इलाहाबाद विश्वविद्यालय से किया है। उनकी मेहनत, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पण ने उन्हें इस मुकाम तक पहुंचाया है।
वर्तमान में वह तहसील मौदहा में लेखपाल पद पर कार्यरत हैं, जहां भी वह ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा से अपनी सेवाएं दे रही हैं। उनकी सफलता उन सभी युवाओं के लिए प्रेरणा है जो सीमित संसाधनों के बावजूद बड़े सपने देखते हैं। श्वेता की यह उपलब्धि साबित करती है कि सच्ची लगन और मेहनत से हर लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।