

मौदहा से जिला ब्यूरो चीफ राजकुमार की रिपोर्ट
मौदहा (हमीरपुर)। सम्पूर्ण समाधान दिवस की अध्यक्षता करने के बाद मंडलायुक्त अजीत कुमार (आईएएस) ने शनिवार को मौदहा क्षेत्र का ताबड़तोड़ निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान विभिन्न विभागों में मिली खामियों पर उन्होंने अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाते हुए तत्काल सुधार के निर्देश दिए।सबसे पहले मंडलायुक्त ने ग्राम मकराव स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिर का निरीक्षण किया।

अस्पताल परिसर के बाहर गंदगी मिलने पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कड़ी नाराजगी जताई और तत्काल सफाई कराकर फोटो सहित अनुपालन रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।इसके बाद उन्होंने पूर्व माध्यमिक विद्यालय मकराव का निरीक्षण किया। विद्यालय में गंदा शौचालय और अव्यवस्थित व्यवस्थाएं देखकर मंडलायुक्त ने नाराजगी व्यक्त की तथा जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) से स्पष्टीकरण तलब करने के निर्देश दिए। उन्होंने विद्यालयों में साफ-सफाई और मूलभूत सुविधाएं हर हाल में सुनिश्चित करने को कहा।मंडलायुक्त ने पीसीएफ केंद्र का भी औचक निरीक्षण कर खाद की उपलब्धता का जायजा लिया। उन्होंने किसानों को समय पर उर्वरक उपलब्ध कराने, किसी भी प्रकार की कालाबाजारी रोकने तथा शिकायत मिलने पर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान मंडलायुक्त अजीत कुमार ने स्पष्ट कहा कि जनहित से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी विभाग शिकायतों का समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करें, ताकि आमजन को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

