

मौदहा से जिला ब्यूरो चीफ राजकुमार की रिपोर्ट
हमीरपुर। बरसात का मौसम शुरू होते ही संभावित बाढ़ के खतरे को देखते हुए जिला प्रशासन और मौदहा बांध विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गया है। यमुना और बेतवा नदियों के जलस्तर पर लगातार निगरानी रखी जा रही है, जबकि तटबंधों की सुरक्षा और आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।यमुना और बेतवा नदियों से घिरे हमीरपुर जिले में प्रत्येक वर्ष बाढ़ की आशंका बनी रहती है। इसे ध्यान में रखते हुए मौदहा बांध विभाग ने समय रहते बाढ़ सुरक्षा से जुड़े सभी इंतजाम पूरे कर लिए हैं। विभाग ने तटबंधों की साफ-सफाई कराने के साथ ही कमजोर एवं कटान संभावित स्थलों पर मिट्टी भराई का कार्य कराया है। इसके अलावा आपदा की स्थिति में तत्काल उपयोग के लिए बालू से भरी बोरियां, बोल्डर और अन्य आवश्यक सामग्री का पर्याप्त भंडारण भी किया गया है।विभागीय अधिकारी लगातार तटबंधों का निरीक्षण कर रहे हैं तथा संवेदनशील क्षेत्रों की विशेष निगरानी की जा रही है। कर्मचारियों की ड्यूटी निर्धारित कर उन्हें 24 घंटे सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। विभाग का कहना है कि बारिश के दौरान यमुना और बेतवा नदियों के जलस्तर की लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है। यदि जलस्तर में अचानक वृद्धि होती है तो तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया जाएगा।बांध विभाग का दावा है कि संभावित बाढ़ से जन-धन की सुरक्षा के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए विभाग पूरी तरह तैयार है।

