
सड़क हादसे में बाइक सवार पिता व पुत्री की घटनास्थल पर ही मौत, पत्नी गंभीर रूप से घायल

जहानाबाद। पटना गया मुख्य मार्ग पर स्कॉर्पियो और बाइक में जोरदार टक्कर हो गयी, इस हादसे में बाइक सवार पिता और पुत्री की मौके पर ही मौत हो गयी। जबकि, पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गयी। घटना से नाराज ग्रामीणों ने मुआवजे और ओवरब्रिज की मांग को लेकर पटना-गया फोरलेन को घंटों जाम कर दिया। घटना टेहटा थाना क्षेत्र के सरेन मोड़ के समीप एनएच-22 की है। मृतक की पहचान सरेन गांव निवासी श्रवण कुमार और उनके दो वर्षीय पुत्री प्रिया कुमारी के रूप में की गई है। जबकि, पत्नी कंचन देवी गंभीर रूप से घायल है। जिन्हें स्थानीय लोगो की मदद से मखदुमपुर रेफरल अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद मगध मेडिकल कॉलेज गया रेफर कर दिया है।
घटना की सूचना पाकर मौके पर एसडीओ राजीव रंजन सिन्हा और सदर एसडीपीओ मनीष चंद्र चौधरी मौके पर पहुंच गए और काफी मशक्कत के बाद लोगों को समझा बुझाकर जाम को समाप्त कराया। घटना के संबंध में एसडीओ ने बताया कि सड़क हादसे में बाइक सवार पिता-पुत्री की मौत हो गई है जबकि, पत्नी गंभीर रूप से घायल है। घटना से आक्रोशित और ओवरब्रिज की मांग को लेकर लोग सड़क जाम कर दिए थे। जिसे समझा बुझाकर जाम को समाप्त करा दिया गया है।
घटना के संबंध में परिजनों ने बताया कि वह पति-पत्नी और बेटी के साथ बाइक से टेहटा बाजार गए थे, जहां से मार्केटिंग कर अपने गांव सरेन वापस लौट रहे थे। इसी दौरान पटना से गया की तरफ से जा रही अनियंत्रित स्कॉर्पियो ने जोरदार टक्कर मार दिया। जिससे पिता पुत्री की मौत हो गयी और पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई। फिलहाल, वह भी अस्पताल में जीवन मौत से जूझ रही है। वहीं परिजनों का रो रो कर बुरा हाल है।