
राम नवमी पर हनुमान जन्मोत्सव 2026 का शुभारंभ, जामसांवली धाम पधारेंगे मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव हनुमान लोक परियोजना और भव्य सभामंडप का लोकार्पण, जामसांवली बनेगा प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन केंद्र
संवाददाता धनंजय जोशी
जिला पांढुरना मध्य प्रदेश
पांढुरना – जामसांवली धाम में इस वर्ष आयोजित होने जा रहा हनुमान जन्मोत्सव केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि मध्यप्रदेश की सांस्कृतिक चेतना, आस्था और विकास की दृष्टि का प्रतीक बनकर उभर रहा है।

राम नवमी के पावन अवसर 26 मार्च को संस्थान के विशेष आग्रह पर प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव जामसांवली धाम पधारेंगे। इस अवसर पर वे म.प्र. पर्यटन विभाग द्वारा विकसित हनुमान लोक परियोजना तथा मंदिर संस्थान द्वारा निर्मित नवनिर्मित विशाल सभामंडप का लोकार्पण कर हनुमान जन्मोत्सव 2026 का शुभारंभ करेंगे।

हनुमान लोक परियोजना केवल मंदिर परिसर का विस्तार नहीं है, बल्कि यह आधुनिक तकनीक और पौराणिक परंपराओं के समन्वय का एक जीवंत उदाहरण है। लगभग 30 एकड़ क्षेत्र में विकसित हो रहा यह कॉरिडोर प्रदेश के प्रमुख धार्मिक पर्यटन केंद्र के रूप में स्थापित हो रहा है। जिस प्रकार उज्जैन का महाकाल लोक देश-विदेश में आस्था का प्रमुख केंद्र बना है, उसी तर्ज पर जामसांवली धाम भी अपनी पहचान मजबूत कर रहा है। इसमें आस्था के साथ जनभागीदारी और सांस्कृतिक अभिव्यक्ति का व्यापक समावेश है। एक वर्ष में जामसांवली धाम का व्यापक विकास, अनेक सुविधाओं का विस्तार संस्थान अध्यक्ष श्री गोपाल शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि संस्थान के सदस्यों, श्रद्धालुओं एवं दानदाताओं के सहयोग से विगत एक वर्ष में मंदिर में अनेक विकास कार्य संपन्न हुए हैं। प्रमुख रूप से मंदिर परिसर से लगी 11 एकड़ भूमि (लगभग ₹5 करोड़ से अधिक) क्रय की गई है तथा गौशाला हेतु 25 एकड़ भूमि का आवंटन किया गया है।

इसके साथ ही सर्वसुविधायुक्त नवनिर्मित सभामंडप, श्रद्धालुओं के लिए प्रसादम व्यवस्था, भक्त निवासों का जीर्णोद्धार, लिफ्ट सुविधा, प्रशासनिक भवन, प्रसाधन, आरओ पेयजल व्यवस्था, पूजा सामग्री दुकानों का विस्थापन, पेवर ब्लॉक, स्ट्रीट लाइट, पार्किंग क्षेत्र एवं सोलर स्थापना जैसे कार्य किए गए हैं। संस्थान की भूमि भी एक वर्ष में 28 एकड़ से बढ़कर लगभग 68 एकड़ हो गई है।

प्रस्तावित कार्यों में मंदिर गर्भगृह निर्माण, हनुमान लोक द्वितीय चरण के अंतर्गत चिरंजीवी पथ, नाला संरक्षण, सौंदर्याकरण, वृहद एसटीपी निर्माण, सोलर प्लांट विस्तार तथा मानसिक पुनर्वास केंद्र की स्थापना शामिल है।
मुख्यमंत्री के स्वागत एवं कार्यक्रम की विशेष व्यवस्था
मुख्यमंत्री के आगमन पर संस्थान द्वारा मराठा संस्कृति के अनुरूप मुख्य द्वार पर भव्य स्वागत किया जाएगा। इसके पश्चात चिरंजीवी पथ एवं परिसर का भ्रमण, विभिन्न झांकियों के दर्शन एवं पुष्प वर्षा के साथ मंदिर प्रांगण तक लाया जाएगा।
तत्पश्चात ढोल पथक एवं कलश पूजन के साथ सभामंडप मुख्य द्वार पर विधि-विधान से देहड़ी पूजन किया जाएगा। इसके बाद मुख्यमंत्री गर्भगृह में श्रीमूर्ति का पूजन करेंगे तथा निर्माण कार्य में लगे श्रमिकों का सम्मान करेंगे। पश्चात राम सभा को संबोधित करेंगे।
हनुमान जन्मोत्सव 2026: धार्मिक आयोजनों की विस्तृत श्रृंखला
धार्मिक कार्यक्रमों की श्रृंखला के अंतर्गत –
26 मार्चः प्रातः 11 बजे मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा हनुमान लोक एवं नवनिर्मित सभामंडप का लोकार्पण दोपहर 12 बजे श्री राम जन्म, गोदावरी उपासनी केंद्र की बहनों द्वारा
28 मार्च: सायं 7:30 बजे श्रद्धेय विवेक जी महाराज द्वारा श्री हनुमत चरित्र वाचन
29 मार्च से 2 अप्रैल: प्रतिदिन दोपहर 3 बजे से 6 बजे तक पद्मविभूषण जगद्गुरु रामभद्राचार्य द्वारा श्रीराम कथा
31 मार्च: सायं 7:30 बजे देश-विदेश में ख्यातिप्राप्त श्री रसराज महाराज सहित 11 हजार श्रद्धालुओं द्वारा सामूहिक सुंदरकांड पाठ
1 अप्रैल: रात्रि 8:30 बजे सुप्रसिद्ध भजन गायिका स्वाति मेहूल की भजन संध्या
2 अप्रैल: रात्रि 2:00 बजे वाराणसी से आए पुरोहितों द्वारा महाभिषेक
प्रातः 4:00 बजे महाआरती
इन सभी आयोजनों से जामसांवली धाम में आध्यात्मिक एवं धार्मिक वातावरण का सृजन होगा। आयोजन के लिए प्रशासन एवं संस्थान द्वारा वाटरप्रूफ पंडाल, पेयजल, सुरक्षा एवं यातायात प्रबंधन सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। संस्थान के अनुसार इस वर्ष हनुमान जन्मोत्सव में 10 लाख से अधिक श्रद्धालुओं के आगमन की संभावना है। यह आयोजन जामसांवली धाम को न केवल श्रद्धा का प्रमुख केंद्र बनाएगा, बल्कि क्षेत्र के विकास, रोजगार एवं सांस्कृतिक पहचान को भी नई दिशा देगा।
आप सभी से अपेक्षा की गई है कि मंदिर के प्रचार-प्रसार के लिए सहयोग प्रदान करें। उक्त आशय की जानकारी मंदिर संस्थान अध्यक्ष श्री गोपाल शर्मा ने प्रेस वार्ता के माध्यम से दी।
