
डिंडौरी कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया के निर्देशानुसार खाद्य विभाग द्वारा घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडरों के व्यावसायिक दुरुपयोग के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की गई।
आज समनापुर क्षेत्र में नितिन जायसवाल एवं आकाश तुरकर, कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारियों की टीम ने निरीक्षण के दौरान दो प्रतिष्ठानों पर छापामार कार्रवाई की। जांच में मनोहर चाय समनापुर एवं गुनगुन फास्ट फूड सेंटर समनापुर में घरेलू उपयोग के एलपीजी सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग पाया गया।
कार्यवाही के दौरान दोनों प्रतिष्ठानों से एक-एक घरेलू गैस सिलेंडर सहित कुल 2 सिलेंडर मौके से जब्त किए गए। जब्त सिलेंडरों को समनापुर इंडेन गैस एजेंसी की सुपुर्दगी में दिया गया है।
खाद्य विभाग द्वारा बताया गया कि यह कार्यवाही द्रविकृत पेट्रोलियम गैस (प्रदाय एवं वितरण विनियमन) आदेश 2000 के प्रावधानों के उल्लंघन के तहत की गई है तथा संबंधित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्यवाही की जा रही है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि घरेलू गैस सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग पूरी तरह प्रतिबंधित है और ऐसे मामलों में सख्त कार्यवाही जारी रहेगी।