A2Z सभी खबर सभी जिले की

आरटीई प्रवेश प्रक्रिया में तेजी: 450 सीटों पर 66 प्रतिशत आवेदन, 28 प्रतिशत का सत्यापन

डिंडौरी : 17 मार्च, 2026
शिक्षा का अधिकार अधिनियम (आरटीई) के तहत सत्र 2026-27 में निजी स्कूलों में नि:शुल्क प्रवेश के लिए जिले में प्रक्रिया तेज़ी से आगे बढ़ रही है। जिला शिक्षा केन्द्र, सर्व शिक्षा अभियान के अनुसार 89 निजी विद्यालयों में उपलब्ध 450 सीटों के मुकाबले मात्र चार दिनों में 299 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जो कुल सीटों का लगभग 66 प्रतिशत है। इनमें से 126 आवेदनों का सत्यापन भी किया जा चुका है, जो कुल आवेदनों का करीब 28 प्रतिशत है।
कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया के निर्देशानुसार 13 मार्च से ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया प्रारंभ की गई है, जो 28 मार्च तक जारी रहेगी। इसके बाद पात्र आवेदनों के आधार पर 2 अप्रैल को ऑनलाइन लॉटरी के माध्यम से विद्यार्थियों को स्कूल आवंटित किए जाएंगे। चयनित विद्यार्थियों को आवंटित स्कूल की जानकारी उनके पंजीकृत मोबाइल नंबर पर एसएमएस के जरिए दी जाएगी।
जिला परियोजना समन्वयक श्रीमती श्वेता अग्रवाल ने बताया कि अभिभावकों को 30 मार्च तक संबंधित संकुल केन्द्रों में दस्तावेजों का सत्यापन कराना अनिवार्य है। इस दौरान आवेदन में त्रुटि सुधार का भी अवसर मिलेगा। आवेदन के लिए निवास प्रमाण पत्र अथवा संबंधित श्रेणी का प्रमाण पत्र अपलोड करना आवश्यक है।
प्रवेश के लिए आयु सीमा भी निर्धारित की गई है। नर्सरी, केजी-1 एवं केजी-2 के लिए न्यूनतम आयु 3 से 4 वर्ष 6 माह तथा कक्षा 1 के लिए 6 से 7 वर्ष 6 माह तय की गई है।
शिक्षा विभाग ने अभिभावकों से अपील की है कि वे निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदन एवं सत्यापन प्रक्रिया पूर्ण कर लें, ताकि उनके बच्चों को इस योजना का लाभ मिल सके।

Show More
Back to top button
error: Content is protected !!