A2Z सभी खबर सभी जिले की

जनसुनवाई में 73 आवेदन प्राप्त, कलेक्टर ने आवेदकों की समस्याओं पर त्वरित कार्रवाई के दिए निर्देश

डिंडौरी : 17 मार्च, 2026
आज कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित साप्ताहिक जनसुनवाई में जिलेभर से आए नागरिकों की समस्याओं एवं शिकायतों का संवेदनशीलता के साथ निराकरण किया गया। जनसुनवाई के दौरान कुल 73 आवेदन प्राप्त हुए, जिन पर कलेक्टर द्वारा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
मेंहदवानी क्षेत्र के निवासी सुदामा प्रसाद साहू एवं रामचरन साहू ने मेंहदवानी से चकदेही मार्ग पर निर्माणाधीन पुलिया कार्य में अनियमितता और डायवर्सन रोड के मुआवजे का भुगतान न होने की शिकायत की। उन्होंने बताया कि निर्माण कंपनी द्वारा डीपीआर में छेड़छाड़ करते हुए कार्य किया जा रहा है तथा अभी तक पुलिया निर्माण पूरा नहीं होने से आमजन को आवागमन में भारी परेशानी हो रही है। इसी प्रकार समनापुर निवासी भागरती बाई बघेल ने अपने पति, जो कि जल संसाधन विभाग में पदस्थ हैं, द्वारा भरण-पोषण राशि न देने की शिकायत करते हुए वेतन का आधा हिस्सा अपने खाते में दिलाने की मांग की।
ग्राम बरछा निवासी अंशुमन उद्दे ने अपने चार पहिया वाहन के लिए परमिट जारी न किए जाने की समस्या बताई। उन्होंने बताया कि आरटीओ कार्यालय द्वारा बार-बार परेशान किया जा रहा है, जिससे उनका वाहन खड़ा है और परिवार के भरण-पोषण में कठिनाई हो रही है।
साथ ही शहपुरा से बटौंधा मार्ग पर बस एवं टैक्सी किराया अधिक वसूले जाने को लेकर ग्रामीणों ने शिकायत की। उन्होंने परिवहन विभाग द्वारा निर्धारित दर के अनुसार किराया लागू कराने की मांग की, जिससे आमजन, विशेषकर छात्र और मजदूर वर्ग को राहत मिल सके। इसी प्रकार ग्राम सिंगपुर निवासी सोमकुमार ने राशन कार्ड न बनने की समस्या बताई। उन्होंने आरोप लगाया कि संबंधित विभाग द्वारा सर्वर की समस्या बताकर लगातार टालमटोल किया जा रहा है।
कलेक्टर ने सभी आवेदनों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को जांच कर त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। जनसुनवाई में आए आवेदनों पर शीघ्र कार्यवाही का आश्वासन दिया गया।
जनसुनवाई में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत  दिव्यांशु चौधरी, अपर कलेक्टर जेपी यादव, एसडीएम सुश्री भारती मेरावी, डिप्टी कलेक्टर डिप्टी कलेक्टर सुश्री प्रियांशी जैन सहित अन्य जिला अधिकारी उपस्थित रहे।

Show More
Back to top button
error: Content is protected !!