कलेक्टर नीरज कुमार वशिष्ठ की अध्यक्षता में समय-सीमा (TL) बैठक सम्पन्न जनहित के मामलों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं – कलेक्टर सीएम हेल्पलाइन में वर्षों से लंबित शिकायतों के त्वरित निराकरण के निर्देश
संवाददाता धनंजय जोशी
जिला पांढुरना मध्य प्रदेश
पांढुर्णा। कलेक्टर नीरज कुमार वशिष्ठ की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में समय-सीमा (TL) समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के लंबित प्रकरणों, आम नागरिकों से जुड़े आवेदनों तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की विस्तृत समीक्षा की गई।
कलेक्टर वशिष्ठ ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि जनहित से जुड़े मामलों में पूरी संवेदनशीलता और तत्परता के साथ कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समय पर और प्रभावी रूप से पहुंचाना सभी विभागों की जिम्मेदारी है। इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या उदासीनता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
बैठक में कलेक्टर ने विशेष रूप से सीएम हेल्पलाइन में 500 से 1000 दिनों से लंबित शिकायतों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ऐसी शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर हल कर आमजन को राहत प्रदान की जाए।
इसके साथ ही असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों के लिए संचालित प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन योजना के प्रभावी क्रियान्वयन पर भी जोर दिया गया। कलेक्टर ने निर्देशित किया कि अधिक से अधिक पात्र श्रमिकों को इस योजना से जोड़ा जाए, ताकि उन्हें भविष्य में सामाजिक सुरक्षा का लाभ मिल सके।
बैठक में अपर कलेक्टर नीलमणि अग्निहोत्री, एसडीएम अल्का इक्का, संयुक्त कलेक्टर मेघा शर्मा एवं नेहा सोनी डिप्टी कलेक्टर प्रियंक मिश्रा तथा प्रेक्षा पाठक, जनपद पंचायत सीईओ बिंदु सूर्यवंशी, तहसीलदार विनय प्रकाश ठाकुर सहित विभिन्न विभागों के जिला प्रमुख अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में लंबित प्रकरणों के त्वरित निराकरण और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।