
*कलेक्टर श्री नीरज कुमार वशिष्ठ ने #अग्निवीर भर्ती के लिए युवाओं से पंजीयन की अपील की*
संवाददाता धनंजय जोशी
जिला पांढुरना मध्य प्रदेश
पांढुरना – मध्यप्रदेश शासन के गृह विभाग द्वारा जारी निर्देशों के पालन में कलेक्टर श्री नीरज कुमार वशिष्ठ ने जिले के युवाओं के लिए महत्वपूर्ण सूचना जारी की है। कलेक्टर श्री वशिष्ठ ने बताया कि भारतीय सेना में ‘अग्निवीर’ के रूप में देश सेवा करने का सुनहरा अवसर युवाओं को प्राप्त हो रहा है, जिसके लिए पंजीयन प्रक्रिया प्रारंभ हो चुकी है।
भोपाल स्थित गृह विभाग के अनुसार अग्निवीर भर्ती के लिए ऑनलाइन पंजीयन प्रक्रिया 13 फरवरी 2026 से शुरू हो चुकी है, जो 01 अप्रैल 2026 तक जारी रहेगी। कलेक्टर श्री वशिष्ठ ने जिले के पात्र युवाओं से अपील की है कि वे इस अवसर का अधिक से अधिक लाभ उठाते हुए निर्धारित समय-सीमा के भीतर अपना पंजीयन सुनिश्चित करें।
सेना भर्ती कार्यालय (ARO) भोपाल द्वारा जारी रैली एवं आवेदन विवरण के अनुसार पांढुर्णा जिले से अग्निवीर भर्ती के लिए अब तक कुल 96 उम्मीदवारों ने आवेदन किया है। प्राप्त आंकड़ों के अनुसार अग्निवीर सामान्य ड्यूटी (GD) श्रेणी में सबसे अधिक 73 आवेदन प्राप्त हुए हैं। अग्निवीर तकनीकी (Tech) श्रेणी में 4 उम्मीदवारों ने पंजीकरण कराया है, जबकि अग्निवीर क्लर्क (CLK) पद के लिए 3 आवेदन दर्ज किए गए हैं। इसके अतिरिक्त अग्निवीर ट्रेड्समैन श्रेणी में 8वीं पास के लिए 1 आवेदन तथा 10वीं पास ट्रेड्समैन श्रेणी के लिए 15 आवेदन प्राप्त हुए हैँ।
कलेक्टर श्री वशिष्ठ ने विशेष रूप से ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों के युवाओं तक जानकारी पहुंचाने पर जोर दिया है, ताकि योग्य और इच्छुक युवा इस अवसर से वंचित न रहें। उन्होंने युवाओं से अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना शीघ्र पंजीयन कराने की अपील की है।