
कोटपूतली-बहरोड़ जिले में पुलिस अधीक्षक कार्यालय में स्वागतम् वेब पोर्टल का शुभारंभ किया गया। इस पोर्टल का उद्देश्य सरकारी कार्यालयों में आगन्तुकों के प्रवेश की प्रक्रिया को सुव्यवस्थित और पारदर्शी बनाना है।

इस पोर्टल के माध्यम से आगन्तुक अपनी समस्याओं की सुनवाई हेतु ऑनलाईन अपॉइंटमेंट ले सकते हैं और कार्यालय में आकर अपना पंजीकरण करवा सकते हैं। इससे नागरिकों को लम्बी कतारों से मुक्ति और समय की बचत होगी।
उप महानिरीक्षक पुलिस सह-पुलिस अधीक्षक जिला कोटपूतली-बहरोड़ देवेंन्द्र कुमार बिश्नोई आई.पी.एस. ने कहा कि इस पोर्टल के माध्यम से आगन्तुकों के प्रबंधन में दक्षता, बेहतर सुरक्षा व्यवस्था और प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता लाने में मदद मिलेगी।
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) जिला कोटपूतली-बहरोड, राजेश कुमार शर्मा पु.नि. थानाधिकारी थाना कोटपूतली, बाबूलाल उ.नि. यातायात प्रभारी जिला कोटपूतली-बहरोड़ और अन्य अधिकारी/कर्मचारीगण उपस्थित रहे।
आज शुभारम्भ के दौरान परिवादिया को हरित उपहार भेंट कर स्वागतम् वेब पोर्टल से रसीद प्रदान की गई। इस पोर्टल के द्वारा परिवादियों का रिकार्ड भी संधारण किया जा सकेगा, कि परिवादी पहले कब आया था व उसके द्वारा दी गई शिकायत पर क्या कार्यवाही की गई।