
*पांढुरना को विकास की नई रफ्तार दिलाएगा रिंग रोड!*
*हम फाउंडेशन ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन, नागपुर-अमरावती मार्ग जोड़ने की उठाई मांग*
संवाददाता धनंजय जोशी
जिला पांढुरना मध्य प्रदेश
पांढुरना। नगर विकास को गति देने और यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने की दिशा में हम फाउंडेशन भारत शाखा पांढुरना द्वारा एक महत्वपूर्ण पहल की गई। संस्था ने पांढुरना नगर से होकर नागपुर-अमरावती मार्ग को जोड़ने हेतु रिंग रोड निर्माण की स्वीकृति की मांग को लेकर जिला कलेक्टर श्री नीरज कुमार वशिष्ठ को ज्ञापन सौंपकर ध्यानाकर्षण किया।
ज्ञापन में बताया गया कि पांढुरना जिले के गठन को दो वर्ष पूर्ण हो चुके हैं, लेकिन अब भी कई जिला स्तरीय कार्यालयों एवं प्रशासनिक संस्थानों के निर्माण का कार्य शेष है। रिंग रोड नहीं बनने के कारण शहर का बड़ा भाग विकास की मुख्यधारा से वंचित रह गया है।

*शहर के बीच से गुजरते भारी वाहन बन रहे दुर्घटनाओं का कारण*
संस्था ने ज्ञापन में उल्लेख किया कि वर्तमान में नागपुर, छिंदवाड़ा, अमरावती, वरूड एवं परतवाड़ा की ओर से आने-जाने वाले भारी वाहनों का आवागमन पांढुरना शहर के मध्य से हो रहा है। यह मार्ग स्कूलों, रिहायशी इलाकों, मुख्य बाजारों और बैंकों के बीच से गुजरता है, जिससे दिन-रात सैकड़ों भारी वाहनों की आवाजाही बनी रहती है।
इस कारण शहर की आंतरिक सड़कें अत्यंत जर्जर हो चुकी हैं और आए दिन दुर्घटनाओं की स्थिति बन रही है। संस्था ने कहा कि रिंग रोड निर्माण से शहर के भीतर यातायात का दबाव कम होगा तथा नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सकेगी।
*10 किलोमीटर रिंग रोड से खुलेगा विकास का नया द्वार*
ज्ञापन में प्रस्तावित रिंग रोड का संभावित मार्ग भी बताया गया। यह रिंग रोड मोरडोंगरी (पूर्व दिशा) से प्रारंभ होकर पारडी, मूंगूसखेड़ा, अंबाडा खुर्द, कलमगांव, छोटी खेडी होते हुए चिचखेडा जोड़ पाइंट (नेशनल हायवे) तक लगभग 10 किलोमीटर लंबाई में बनाया जा सकता है।
संस्था ने बताया कि इस मार्ग पर रिंग रोड बनने से कलमगांव क्षेत्र, जहां पुलिस आवासीय कॉलोनी एवं भुली जलाशय डूब प्रभावितों के पुनर्वास की योजना है, वहां विकास को भी नई दिशा मिलेगी।
*इन गांवों को मिलेगा सीधा लाभ*
रिंग रोड बनने से पांढुरना नगर सीमा के अंतर्गत आने वाले मोरडोंगरी, पारंडी, अंबाडा खुर्द, कलमगांव, देवखापा और भंदारगोंदी जैसे क्षेत्रों में तेज विकास की संभावनाएं बनेंगी। साथ ही आवासीय, औद्योगिक एवं व्यापारिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी।
संस्था ने कहा कि इससे शैक्षणिक संस्थानों, शासकीय कार्यालयों और बड़ी संस्थाओं के लिए भूमि उपलब्धता की संभावनाएं बढ़ेंगी तथा पांढुरना के दक्षिण-पश्चिम क्षेत्र का व्यापक विकास संभव होगा।
*हम फाउंडेशन भारत ने जताई प्रतिबद्धता*
हम फाउंडेशन भारत ने ज्ञापन में स्पष्ट किया कि संगठन समाजसेवी, धर्मनिरपेक्ष और गैर राजनीतिक है तथा मित्रता, सेवा, संस्कृति एवं संस्कार के पंचसूत्र के माध्यम से राष्ट्रसेवा के कार्यों में सक्रिय है।
संगठन ने कहा कि पांढुरना शहर के समग्र विकास के लिए संस्था पूरी तरह प्रतिबद्ध है और जनहित को देखते हुए यह रिंग रोड नगर के भविष्य के लिए अत्यंत आवश्यक है।
*जनहित में मांग, प्रशासन से जल्द निर्णय की अपेक्षा*
ज्ञापन सौंपते हुए संस्था ने कलेक्टर से अनुरोध किया कि नगर की जनता की आकांक्षाओं, यातायात व्यवस्था और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए नागपुर-अमरावती मार्ग को जोड़ने हेतु रिंग रोड निर्माण की स्वीकृति शीघ्र प्रदान की जाए।
नगरवासियों ने भी इस मांग को पांढुरना के भविष्य के लिए एक महत्वपूर्ण कदम बताते हुए शीघ्र स्वीकृति की उम्मीद जताई है।