
डिंडौरी : 19 फरवरी, 2026मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में 7 एवं 8 अक्टूबर 2025 को आयोजित कलेक्टर्स कॉन्फ्रेंस एवं कलेक्टर–पुलिस अधीक्षक कॉन्फ्रेंस के कार्यवाही विवरण के पालन प्रतिवेदन की समीक्षा के संबंध में आज 19 फरवरी 2026 को मंत्रालय स्थित मुख्य सचिव कक्ष (VB-II) से मुख्य सचिव की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में जिले से कलेक्टर एवं संबंधित अधिकारियों ने एनआईसी कक्ष से सहभागिता की।
डिंडौरी जिले से कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया, पुलिस अधीक्षक श्रीमती वाहिनी सिंह, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत दिव्यांशु चौधरी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमित वर्मा, अपर कलेक्टर जे.पी. यादव, डिप्टी कलेक्टर वैधनाथ वासनिक, डिप्टी कलेक्टर सुश्री प्रियांशी जैन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
वीडियो कॉन्फ्रेंस में पंचायत एवं ग्रामीण विकास, शिक्षा, रोजगार, उद्योग एवं निवेश, सुशासन तथा कानून-व्यवस्था जैसे महत्वपूर्ण विषयों की विभागवार गहन समीक्षा की गई। इस दौरान संबंधित भारसाधक सचिवों द्वारा एजेंडा बिंदुओं पर विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया गया। साथ ही कैबिनेट निर्णयों के अंतर्गत जारी निर्देशों के पालन की स्थिति, कलेक्टरों के लिए अपेक्षित समसामयिक निर्देशों तथा पिछली बैठक की तुलना में जिलेवार प्रगति पर विस्तार से चर्चा की गई।
मुख्य सचिव ने सभी जिलों को शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने, निर्धारित समय-सीमा में लक्ष्यों की पूर्ति करने तथा मैदानी स्तर पर सतत मॉनिटरिंग एवं समीक्षा बनाए रखने के निर्देश दिए।
बैठक में डिंडौरी जिले द्वारा विभिन्न विभागों में किए जा रहे कार्यों एवं प्रगति की जानकारी प्रस्तुत की गई तथा शासन के निर्देशों के प्रभावी पालन हेतु आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने की बात कही गई।