
डिंडौरी, बुधवार, 18 फरवरी 2026
आकांक्षी विकासखंड बजाग में कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया के निर्देशन एवं एसडीएम रामबाबू देवांगन के कुशल नेतृत्व में स्वास्थ्य सेवाओं को नई ऊंचाई देने के उद्देश्य से ‘संपूर्णता अभियान’ अंतर्गत एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक का मुख्य ध्येय जनजातीय बाहुल्य क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं की शत-प्रतिशत पहुंच सुनिश्चित करना रहा।
बैठक में स्वास्थ्य विभाग की योजनाओं की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई तथा अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि शासन की मंशा अनुरूप प्रत्येक पात्र हितग्राही तक योजनाओं का लाभ समयबद्ध रूप से पहुंचे। ‘संकल्प से समाधान’ शिविरों के माध्यम से हर हितग्राही की समस्या का मौके पर ही निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों से कहा गया कि शिविरों में प्राप्त आवेदनों का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान किया जाए।
मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए एएनसी जांच, संस्थागत प्रसव तथा शत-प्रतिशत टीकाकरण की सघन समीक्षा की गई। गर्भवती महिलाओं की नियमित जांच, उच्च जोखिम वाले मामलों की पहचान तथा सुरक्षित प्रसव सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।
स्वास्थ्य केंद्रों की आधारभूत संरचना को सुदृढ़ करने एवं राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानकों (NQAS) के अनुरूप व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने हेतु आवश्यक रणनीति बनाई गई। साथ ही जनजातीय क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ाने के लिए विशेष प्रयास करने के निर्देश दिए गए, ताकि सुदूर एवं दुर्गम क्षेत्रों तक भी स्वास्थ्य लाभ प्रभावी रूप से पहुंच सके।
बैठक में बीएमओ, एमएमओ, बीपीएम एवं नीति आयोग के ब्लॉक फेलो उपस्थित रहे।
कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया ने कहा, “हमारा लक्ष्य केवल उपचार तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रत्येक ग्रामीण तक गुणवत्तापूर्ण एवं सुलभ स्वास्थ्य सेवाओं की प्रभावी पहुंच सुनिश्चित करना है।”
‘संपूर्णता अभियान’ के माध्यम से आकांक्षी विकासखंड बजाग में स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण की दिशा में ठोस और परिणामोन्मुखी प्रयास किए जा रहे हैं।