
रवि शिमले रिपोर्टर मो 7024401114

अंजड़/बड़वानी
अंजड़ नगर के समीप स्थित बड़दा गांव में अवैध रेत खनन का मामला सामने आया है। यहां फोकलेन मशीन लगाकर नर्मदा नदी क्षेत्र से रेत निकालने का कार्य जोरों-शोरों से किया जा रहा था। खनन कार्य के लिए मौके पर गिट्टी स्लिप बिछाकर अस्थायी चलित मार्ग भी बनाया गया था, जिससे भारी मशीनें और वाहन आसानी से नदी तक पहुंच सकें।
ग्रामीणों ने बताया कि देर रात और सुबह के समय मशीनों की आवाज से उन्हें संदेह हुआ, जिसके बाद गांव के लोगों ने मौके पर पहुंचकर अवैध खनन का विरोध किया। मामले की जानकारी मिलते ही ग्राम सरपंच भी स्थल पर पहुंचे और मशीन संचालकों को खनन कार्य बंद करने के लिए कहा।
ग्रामीणों और सरपंच के तीव्र विरोध के चलते फोकलेन मशीनों को वापस लौटना पड़ा। ग्रामीणों का कहना है कि इस प्रकार का अवैध खनन नदी के प्राकृतिक स्वरूप को नुकसान पहुंचा रहा है, साथ ही पर्यावरण और भूजल स्तर पर भी इसका प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि इस पूरे मामले की जांच कर संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की अवैध गतिविधियां दोबारा न हो सकें।
ग्रामीणों की मांग:
अवैध खनन में शामिल लोगों पर कार्रवाई हो। नदी क्षेत्र में निगरानी बढ़ाई जाए। मशीनों की जब्ती और जुर्माना लगाया जाए
अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस मामले को कितनी गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई करता है।

