
बोड़ार ग्राम पंचायत में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2026 लागू
कोरिया, 09 अगस्त 2026/ कलेक्टर कोरिया श्रीमती रोक्तिमा यादव के निर्देशन में ग्राम पंचायत बोड़ार जिले में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2026 लागू करने वाली पहली ग्राम पंचायत बन गई है। यहां कचरा संग्रहण, पृथक्करण एवं निष्पादन का कार्य निर्धारित मानकों के अनुसार शुरू किया गया है।
चार श्रेणियों में होगा कचरा पृथक्करण
अब कचरे को गीला, सूखा, सैनिटरी वेस्ट और विशेष अपशिष्ट की चार श्रेणियों में अलग-अलग किया जा रहा है। पंचायत क्षेत्र में सामुदायिक एवं व्यक्तिगत शौचालयों के साथ विद्यालयों, आंगनबाड़ी और शासकीय संस्थानों में स्वच्छता व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।

स्वच्छता दीदियों की महत्वपूर्ण भूमिका
महिला स्व-सहायता समूह की सदस्य अंजनी, हिरामती, मिथल एवं कलावती घर-घर जाकर ग्रामीणों को कचरा पृथक्करण और स्वच्छता के प्रति जागरूक कर रही हैं। ग्रामीण भी इस पहल में सहयोग कर रहे हैं।
अक्टूबर तक 45 पंचायतों का लक्ष्य
जिला पंचायत सीईओ श्री योगेंद्र श्रीवास ने बताया कि कलेक्टर के निर्देश पर अक्टूबर तक जिले की 45 ग्राम पंचायतों में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2026 पूर्ण रूप से लागू करने का लक्ष्य है।

कलेक्टर श्रीमती रोक्तिमा यादव ने कहा कि स्वच्छता प्रत्येक कोरिया वासी का व्यक्तिगत संकल्प बने, इसके लिए जनभागीदारी से अभियान को आगे बढ़ाया जा रहा है।


