A2Z सभी खबर सभी जिले की

हमीरपुर :बैंक के बाहर टप्पेबाजों ने किसान को बनाया निशाना, नकदी और दस्तावेज पार

हमीरपुर से ब्यूरो चीफ राजकुमार की रिपोर्ट

सुमेरपुर हमीरपुर । क्षेत्र के इंगोहटा गांव में शनिवार दोपहर इंडियन बैंक के बाहर एक किसान को निशाना बनाते हुए अज्ञात टप्पेबाज उसकी बाइक की डिग्गी से 25 हजार रुपये नकद और जरूरी दस्तावेज पार कर ले गए। घटना से बैंक आने-जाने वाले ग्राहकों में सनसनी फैल गई है। मवईजार गांव निवासी धीरेंद्र सिंह ने बताया कि शनिवार दोपहर करीब एक बजे बैंक पहुंचे थे। उन्होंने सहकारी समिति का बकाया जमा करने के लिए 30 हजार रुपये निकाले थे। इसमें से पांच हजार रुपये एक परिचित को देने के बाद शेष 25 हजार रुपये बैग में रखकर बाइक की डिग्गी में रख दिए। इसके बाद वह पास ही खड़े सहकारी समिति कर्मचारी सुरेंद्र तिवारी से बकाया जमा करने को लेकर बातचीत करने लगे। इसी दौरान अज्ञात टप्पेबाजों ने मौका पाकर बाइक की डिग्गी खोल कर बैग लेकर फरार हो गए। पीड़ित के अनुसार बैग में नकदी के अलावा उनका पैन कार्ड,आधार कार्ड तथा पत्नी मंजू, पुत्र मनीष और बहू सुषमा की पांच बैंक पासबुक भी रखी थीं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। चौकी प्रभारी मनीष पटेल ने बताया कि बैंक के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और टप्पेबाजों की तलाश की जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इंगोहटा बैंक एवं बस स्टॉप क्षेत्र में इस तरह की यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी बैंक के आसपास टप्पेबाजी एवं चोरी की कई घटनाएं हो चुकी हैं। लोगों ने पुलिस प्रशासन से गश्त बढ़ाने और आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है।

 

Related Articles

 

Show More
Back to top button