A2Z सभी खबर सभी जिले की

उपायुक्त की अध्यक्षता में जल जीवन मिशन व स्वच्छ भारत मिशन योजनाओं की गहन समीक्षा

 

जमशेदपुर।

उपायुक्त श्री कर्ण सत्यार्थी की अध्यक्षता में स्वच्छ भारत मिशन एवं जल जीवन मिशन के अंतर्गत संचालित योजनाओं की समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य जिले में हर घर तक शुद्ध पेयजल की समयबद्ध आपूर्ति सुनिश्चित करना तथा स्वच्छता योजनाओं की भौतिक व वित्तीय प्रगति की समीक्षा करना था।

उपायुक्त ने जल जीवन मिशन के तहत नल कनेक्शन की प्रगति, जलापूर्ति संरचनाओं की गुणवत्ता, रुकी हुई योजनाओं की गति बढ़ाने, जलकर की वसूली और जल स्रोतों के पुनर्भरण जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने कहा कि ये योजनाएं नागरिकों के स्वास्थ्य, स्वच्छ वातावरण और सम्मानपूर्ण जीवन से सीधे जुड़ी हैं, इसलिए इनका क्रियान्वयन संतुलित, उद्देश्यपूर्ण और परिणाममुखी होना चाहिए।

Related Articles

बैठक में निर्देश दिया गया कि जिले की सभी ग्राम पंचायतों में शत-प्रतिशत घरों को नल-जल योजना से जोड़ा जाए। साथ ही 5 स्टार श्रेणी में ओडीएफ प्लस गांवों के लक्ष्य एवं सत्यापन कार्य को शीघ्र पूरा करने, शौचालय निर्माण में तेजी लाने तथा केवल पूर्णतः कार्यशील और सुरक्षित संरचनाओं वाले पंचायतों में ही ‘हर घर जल’ प्रमाणन किए जाने के निर्देश दिए गए।

उपायुक्त ने निर्माणाधीन अथवा क्षतिग्रस्त संरचनाओं की त्वरित मरम्मत कर उन्हें पूरी तरह क्रियाशील बनाने, योजनाओं के जियो-टैगिंग कार्य को शीघ्र पूरा करने और पूर्ण योजनाओं का विधिवत हस्तांतरण ग्राम जल एवं स्वच्छता समिति को करने पर बल दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि गुणवत्ता, पारदर्शिता और समय-सीमा में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा दोषी एजेंसियों पर कठोर कार्रवाई होगी।

इसके अलावा पेयजल से संबंधित लंबित जन शिकायतों के निस्तारण, ग्राम संपत्ति पोर्टल पर योजनाओं की जानकारी अपलोड करने, प्लास्टिक वेस्ट मैनेजमेंट इकाइयों, ग्राम पंचायत स्तर पर अपशिष्ट संग्रहण एवं प्रबंधन, गोबर गैस प्लांट की स्थिति तथा आवंटन के विरुद्ध शत-प्रतिशत व्यय सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया गया।

बैठक में उप विकास आयुक्त श्री नागेन्द्र पासवान, कार्यपालक अभियंता पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल, जिला समन्वयक जल जीवन मिशन एवं स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) सहित संबंधित विभागों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

उपायुक्त ने विभागों के बीच प्रभावी समन्वय, नियमित फील्ड निरीक्षण और सतत निगरानी के माध्यम से योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र परिवार तक समयबद्ध रूप से पहुंचाने पर विशेष जोर दिया।

— पत्रकार: आनंद किशोर

अखंड भारत न्यूज़ (ब्यूरो चीफ)

ऑल इंडिया मीडिया एसोसिएशन (AIMA)

Show More

ANAND KISHOR JAMSHEDPUR JHARKHAND

सेवा परमो धर्म:
Back to top button
error: Content is protected !!