
जमशेदपुर | 30 जनवरी 2026
समाहरणालय स्थित उपायुक्त कार्यालय कक्ष में आयोजित जन शिकायत निवारण दिवस के अवसर पर उपायुक्त श्री कर्ण सत्यार्थी ने जिले के विभिन्न प्रखंडों एवं शहरी क्षेत्रों से आए 40 से अधिक नागरिकों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं एवं सुझाव सुने। इस दौरान नागरिकों ने भू-विवाद, अवैध कब्जा व धमकी, बच्चों के नामांकन, दुकान आवंटन, राशन कार्ड, चिकित्सकीय इलाज, मंइयां सम्मान योजना का लाभ, झारखंड आंदोलनकारियों की पेंशन मांग, आर्म्स लाइसेंस सहित जनहित से जुड़े विभिन्न विषयों पर आवेदन समर्पित किए।
उपायुक्त ने सभी आवेदनों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों एवं पदाधिकारियों को अग्रसारित किया तथा प्रत्येक आवेदन पर समयबद्ध और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने का स्पष्ट निर्देश दिया। इस दौरान कई मामलों का ऑन द स्पॉट समाधान भी किया गया, जिससे नागरिकों को तत्काल राहत मिली।
उपायुक्त ने सभी विभागीय पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि जन शिकायत निवारण दिवस में प्राप्त आवेदनों का निष्पादन प्राथमिकता के आधार पर किया जाए। साथ ही, विभागीय समीक्षा बैठकों में इन आवेदनों की नियमित समीक्षा कर जनसमस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने की बात कही।
आनंद किशोर
ब्यूरो चीफ, अखंड भारत न्यूज़
ऑल इंडिया मीडिया एसोसिएशन (AIMA)


