
जमशेदपुर, 29 जनवरी 2026।
नगरपालिका (आम) चुनाव–2026 के तहत नामांकन की प्रक्रिया गुरुवार से प्रारंभ हो गई। नामांकन के पहले ही दिन विभिन्न निकायों में चुनावी सरगर्मी देखने को मिली और बड़ी संख्या में संभावित प्रत्याशियों ने नाम निर्देशन प्रपत्र खरीदे।
पहले दिन मानगो नगर निगम में महापौर पद हेतु कुल 6 अभ्यर्थियों तथा वार्ड सदस्य पद हेतु 120 अभ्यर्थियों ने नाम निर्देशन प्रपत्र खरीदे। वहीं जुगसलाई नगर परिषद में अध्यक्ष पद हेतु 6 अभ्यर्थियों एवं वार्ड सदस्य पद हेतु 18 अभ्यर्थियों ने नामांकन प्रपत्र लिया। इसके अलावा चाकुलिया नगर पंचायत क्षेत्र में अध्यक्ष पद हेतु 3 अभ्यर्थियों तथा वार्ड सदस्य पद हेतु 22 अभ्यर्थियों द्वारा नाम निर्देशन प्रपत्र खरीदे गए।
जुगसलाई नगर परिषद अध्यक्ष पद के लिए प्रथम दिन नाम निर्देशन प्रपत्र खरीदने वालों में निलोफर हुसैन, डौली मलिक, अर्चना दूबे, मुस्सर्रत खातुन एवं बलबीर कौर प्रमुख हैं।
मानगो नगर निगम के महापौर पद के लिए नाम निर्देशन प्रपत्र खरीदने वालों में कुमकुम श्रीवास्तव, साईस्ता परवीन, अनीता देवी, काकोली महतो, जेबा कादरी एवं रायमुनी सुंडी के नाम शामिल हैं।
वहीं चाकुलिया नगर पंचायत क्षेत्र के अध्यक्ष पद हेतु संध्या रानी सरदार, सुजाता मुर्मू एवं शीलावती टुडू ने नाम निर्देशन प्रपत्र खरीदा।
नामांकन प्रक्रिया की शुरुआत के साथ ही जिले में चुनावी माहौल बनना शुरू हो गया है। आगामी दिनों में नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया तेज होने की संभावना है।
✍️ आनंद किशोर
ब्यूरो चीफ – अखंड भारत न्यूज़
ऑल इंडिया मीडिया एसोसिएशन (AIMA)