
जमशेदपुर, 06 जनवरी 2026 | जिला जनसंपर्क कार्यालय, पूर्वी सिंहभूम
उपायुक्त के निर्देशानुसार समाहरणालय स्थित उपायुक्त कार्यालय कक्ष में आयोजित जन शिकायत निवारण दिवस में उप विकास आयुक्त श्री नागेन्द्र पासवान ने विभिन्न प्रखंडों एवं शहरी क्षेत्रों से आए नागरिकों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं एवं सुझाव सुने। इस दौरान नागरिकों ने जमीन अधिग्रहण में लंबित मुआवजा भुगतान, पेंशन व मइंया सम्मान योजना का लाभ, पारिवारिक एवं पति द्वारा प्रताड़ना, सड़क दुर्घटना पीड़ित सहायता, जमीन विवाद, निजी भूमि पर अवैध कब्जा, गंभीर बीमारी के इलाज हेतु सहायता, कृषि ऋण माफी, लेन-देन विवाद, निर्धन बच्चों को सहायता, भूमि सीमांकन, आधार कार्ड अपडेट, जाहेरस्थान घेराबंदी, घंटी आधारित शिक्षक नियुक्ति सहित अन्य जनहित से जुड़े विषयों पर आवेदन प्रस्तुत किए।
उप विकास आयुक्त ने सभी आवेदनों को क्रमवार सुनते हुए संबंधित विभागों एवं पदाधिकारियों को अग्रसारित किया और प्रत्येक आवेदन पर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के स्पष्ट निर्देश दिए। कई मामलों का ऑन द स्पॉट समाधान भी किया गया। शेष आवेदनों के त्वरित निष्पादन हेतु संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई करने को कहा गया।
साथ ही, विभागीय समीक्षा के दौरान जन शिकायत निवारण दिवस में प्राप्त आवेदनों की नियमित समीक्षा किए जाने की बात कही गई, ताकि जनसमस्याओं का समाधान शीघ्र और प्रभावी रूप से सुनिश्चित किया जा सके।
—
Anand Kishor
Akhand Bharat News
All India Media Association

