
मोरगोंदी के पास वाटर स्टोरेज प्लांट का नपा अध्यक्ष ने किया निरीक्षण, 26 किमी पाइपलाइन से शहर तक पहुंचता है पानी
संवाददाता धनंजय जोशी
जिला पांढुरना मध्य प्रदेश
पांढुर्णा। नगर पालिका अध्यक्ष संदीप घाटोडे ने मोरगोंदी के समीप पंखा जोड़ स्थित वाटर स्टोरेज प्लांट का निरीक्षण कर पेयजल आपूर्ति व्यवस्था का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने प्लांट की कार्यप्रणाली, जल भंडारण क्षमता तथा पाइपलाइन व्यवस्था की विस्तृत जानकारी अधिकारियों से प्राप्त की।
नपा अध्यक्ष ने प्लांट के संचालन, मेंटेनेंस और जल आपूर्ति प्रक्रिया का अवलोकन करते हुए संबंधित कर्मचारियों से चर्चा की। अधिकारियों ने बताया कि इस प्लांट में मोहगांव-नंदेवानी जलाशय का पानी एकत्रित किया जाता है। इसके बाद पानी को जूनेवानी फिल्टर प्लांट तक पहुंचाया जाता है, जहां से शहर में पेयजल आपूर्ति की जाती है।

पूरी जलापूर्ति प्रक्रिया के लिए लगभग 26 किलोमीटर लंबी पाइपलाइन बिछाई गई है, जिसके माध्यम से नियमित रूप से पानी सप्लाई सुनिश्चित की जाती है। निरीक्षण के दौरान पाइपलाइन की स्थिति और जल भंडारण व्यवस्था का भी परीक्षण किया गया।

इस अवसर पर नपा अध्यक्ष संदीप घाटोडे ने कहा कि शहरवासियों को स्वच्छ एवं नियमित पेयजल उपलब्ध कराना नगरपालिका की प्राथमिक जिम्मेदारी है। इसके लिए समय-समय पर सभी संसाधनों और व्यवस्थाओं का निरीक्षण करना आवश्यक है, ताकि जलापूर्ति व्यवस्था सुचारु रूप से संचालित होती रहे।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि जलापूर्ति व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और नागरिकों को बिना बाधा पेयजल उपलब्ध कराया जाए।