

हमीरपुर से ब्यूरो चीफ राजकुमार की रिपोर्ट
मौदहा (हमीरपुर)। मौदहा के बीआरसी कार्यालय परिसर का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें परिसर के अंदर बीयर व शराब की खाली बोतलें और गंदगी दिखाई दे रही है। वीडियो सामने आने के बाद शिक्षा विभाग की कार्यशैली पर सवाल खड़े हो गए हैं।
बताया जा रहा है कि बीआरसी कार्यालय पहले भी विभिन्न विवादों को लेकर चर्चा में रहा है। वायरल वीडियो में परिसर के आसपास बड़ी संख्या में खाली बोतलें पड़ी दिखाई दे रही हैं, जिससे लोगों में नाराजगी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सरकारी कार्यालय परिसर में इस तरह का माहौल बेहद शर्मनाक है।
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद लोगों ने मामले की निष्पक्ष जांच कराने और जिम्मेदार अधिकारियों व कर्मचारियों पर कार्रवाई की मांग उठाई है। हालांकि समाचार लिखे जाने तक प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया था।