
प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस शासकीय विज्ञान महाविद्यालय पांढुर्णा में विदेश अध्ययन को लेकर हुई चर्चा
एससी एवं एसटी विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा एवं विदेश अध्ययन के लिए प्रेरित करने पर दिया गया जोर
संवाददाता धनंजय जोशी
जिला पांढुरना मध्य प्रदेश
प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस शासकीय विज्ञान महाविद्यालय पांढुर्णा की प्राचार्या डॉ. शहनाज खान से विदेश अध्ययन के लिए एससी एवं एसटी छात्रों को प्रेरित किए जाने के संबंध में प्रभारी जिला संयोजक अधिकारी श्री उमेश सातनकर द्वारा साइंस कॉलेज पांढुर्णा में चर्चा की गई।
चर्चा के दौरान अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति वर्ग के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ाने तथा विदेश अध्ययन के अवसरों के प्रति जागरूक करने पर विशेष जोर दिया गया। विद्यार्थियों को विभिन्न शैक्षणिक योजनाओं, छात्रवृत्तियों एवं विदेश अध्ययन से संबंधित संभावनाओं की जानकारी उपलब्ध कराने के विषय में भी विचार-विमर्श किया गया।

बैठक में इस बात पर बल दिया गया कि ग्रामीण एवं पिछड़े क्षेत्रों के विद्यार्थियों को भी वैश्विक स्तर पर शिक्षा प्राप्त करने के अवसरों से जोड़ना आवश्यक है, जिससे वे अपने ज्ञान एवं कौशल का विकास कर सकें। साथ ही विद्यार्थियों को प्रतिस्पर्धात्मक परीक्षाओं, भाषा दक्षता एवं उच्च शिक्षा की तैयारियों के प्रति प्रेरित करने पर भी चर्चा की गई। महाविद्यालय स्तर पर विद्यार्थियों को मार्गदर्शन उपलब्ध कराने, करियर काउंसलिंग गतिविधियों को बढ़ावा देने एवं उच्च शिक्षा के लिए सकारात्मक वातावरण तैयार करने की आवश्यकता पर भी सहमति व्यक्त की गई। इस अवसर पर विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य एवं शैक्षणिक उन्नति के लिए विभिन्न संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।