
सांदीपनि विद्यालय पांढुर्णा में समर कैम्प का भव्य समापन
विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास हेतु आयोजित शिविर में खेल, कला एवं जीवनोपयोगी गतिविधियों का मिला प्रशिक्षण
संवाददाता धनंजय जोशी
जिला पांढुरना मध्य प्रदेश
सांदीपनि विद्यालय पांढुर्णा में विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए आयोजित समर कैम्प का भव्य समापन दिनांक 14 मई 2025 को सम्पन्न हुआ। यह समर कैम्प दिनांक 01 मई 2025 से प्रारम्भ किया गया था, जिसमें संस्था के लगभग 130 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। समर कैम्प के दौरान विद्यार्थियों को टीम वर्क, समस्या समाधान, रचनात्मक एवं भावनात्मक बुद्धिमत्ता, सृजनशीलता, कला कौशल तथा विभिन्न खेल गतिविधियों जैसे शतरंज, कराटे, बैडमिंटन, वॉलीबॉल एवं योग का प्रशिक्षण प्रदान किया गया। इसके अतिरिक्त संगीत, शिल्प एवं नृत्य जैसी रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से बच्चों की प्रतिभाओं को निखारने का अवसर मिला।

इन दिनों में विद्यार्थियों ने घर से दूर रहकर आत्मनिर्भरता, आत्मविश्वास, समय प्रबंधन, नेतृत्व क्षमता एवं समस्याओं के समाधान जैसी महत्वपूर्ण जीवनोपयोगी कलाओं को सीखा। साथ ही बच्चों ने नए मित्र बनाए एवं आपसी सामंजस्य एवं अनुशासन के साथ सकारात्मक वातावरण में रहना सीखा।
समापन समारोह में प्रतिभागियों को वितरित किए गए प्रमाण-पत्र
समर कैम्प के सफल संचालन में शिक्षक श्री जितेन्द्र तिजारे, श्री खेलसिंह मरकाम एवं श्री प्रितम खोडे का सराहनीय सहयोग रहा। समापन समारोह की अध्यक्षता वार्ड पार्षद श्री सचिन बागडे ने की। इस अवसर पर उनके करकमलों द्वारा प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र वितरित किए गए। श्री बागडे ने विद्यार्थियों को नियमित व्यायाम एवं संतुलित भोजन के महत्व के बारे में प्रेरित किया।
समारोह में श्री एच.बी. हांडे, विकास खण्ड शिक्षा अधिकारी पांढुर्णा एवं श्री योगीराज वानोडे, पूर्व विकास खण्ड शिक्षा अधिकारी पांढुर्णा, श्रीमती स्मिता पात्रीकर प्रधान पाठक विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में प्राचार्य श्री सी.एस. बरेठ द्वारा आभार प्रदर्शन किया गया। इस अवसर पर संस्था के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।