पंडरिया। छत्तीसगढ़ की सुख-समृद्धि, शांति और जनकल्याण की मंगलकामना को लेकर पंडरिया विधायक भावना बोहरा के नेतृत्व में निकली 151 किलोमीटर लंबी कांवड़ यात्रा पांचवें दिन जलेश्वर महादेव मंदिर पहुंची। मां नर्मदा मंदिर अमरकंटक से भोरमदेव तक आयोजित इस पदयात्रा में करीब 600 कांवड़ यात्री शामिल हैं। यात्रा के दौरान पंडरिया नगर सहित विभिन्न गांवों में श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा और बाजे-गाजे के साथ कांवड़ियों का आत्मीय स्वागत किया।
यात्रा के पांचवें दिन ग्राम मोहतरा में भक्ति और आध्यात्मिक वातावरण के बीच कार्यक्रम की शुरुआत हुई। स्थानीय रामधुनी मंडली ने भगवान शिव के भजनों और धार्मिक गीतों की प्रस्तुति दी। भक्ति संगीत से वातावरण शिवमय हो गया और कांवड़िये उत्साह के साथ झूमते नजर आए। इसके बाद ‘हर-हर महादेव’ और ‘बोल बम’ के जयघोष के बीच कांवड़ियों ने जलेश्वर महादेव मंदिर ग्राम डोंगरिया की ओर प्रस्थान किया।
पंडरिया नगर में कांवड़ यात्रा के प्रवेश के दौरान बड़ी संख्या में शिवभक्तों और स्थानीय नागरिकों की भीड़ उमड़ पड़ी। पूरा नगर भगवामय नजर आया और चारों ओर हर-हर महादेव एवं बोल बम के जयघोष सुनाई दिए। भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता, सामाजिक संगठनों तथा विभिन्न हिंदू संगठनों ने कांवड़ियों और विधायक भावना बोहरा का पुष्पवर्षा एवं वाद्ययंत्रों के साथ स्वागत किया। यात्रा के गुजरने वाले प्रत्येक मार्ग पर लोगों में आस्था और उत्साह का माहौल देखने को मिला।
कांवड़ यात्रा का मार्ग मोहतरा खुर्द से होते हुए तेंदुवाडीह, पंडरिया, रौहा, परसवारा, दशरंगपुर और चारभांठा से आगे बढ़ा। इसके बाद विजय पेट्रोल पंप के समीप नहर रोड से डोंगरिया मार्ग की ओर यात्रा ने प्रस्थान किया। यात्रा जहां-जहां पहुंची, वहां स्थानीय लोगों ने श्रद्धालुओं का स्वागत करते हुए अपनी सहभागिता दर्ज कराई।
इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री एवं छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने विधायक भावना बोहरा और कांवड़ यात्रियों से फोन पर बातचीत कर उन्हें इस धार्मिक एवं पुण्य यात्रा के लिए शुभकामनाएं दीं। उनके संदेश से कांवड़ियों में उत्साह और ऊर्जा का संचार हुआ।
विधायक भावना बोहरा ने कहा कि यह कांवड़ यात्रा महज 151 किलोमीटर की पदयात्रा नहीं है, बल्कि आस्था, संकल्प और जनसहयोग से जुड़ा आध्यात्मिक अभियान है। यात्रा के प्रत्येक पड़ाव पर लोगों से मिल रहा स्नेह, आशीर्वाद और सहयोग कांवड़ियों के लिए प्रेरणा बन रहा है। उन्होंने कहा कि भगवान भोलेनाथ से प्रार्थना है कि छत्तीसगढ़ पर सदैव अपनी कृपा बनाए रखें और प्रदेश के प्रत्येक परिवार में सुख, शांति, समृद्धि एवं खुशहाली आए।
उन्होंने कहा कि कठिन रास्तों और लंबी दूरी के बावजूद कांवड़ यात्रियों के उत्साह में कोई कमी नहीं आई है। ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में जिस प्रकार लोगों का सहयोग और स्वागत मिल रहा है, उससे यात्रा का उत्साह लगातार बढ़ रहा है। मां नर्मदा के पवित्र जल को लेकर भोरमदेव धाम तक पहुंचने का संकल्प निरंतर आगे बढ़ रहा है। आगामी 16 अगस्त को भोरमदेव में भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया जाएगा।
विधायक ने पांडातराई, पंडरिया सहित यात्रा के विभिन्न पड़ावों पर कांवड़ियों के स्वागत और सहयोग के लिए क्षेत्रवासियों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा हमारी धार्मिक परंपरा, आस्था और सामूहिक एकता का जीवंत उदाहरण है। यह यात्रा लोगों को आध्यात्मिक रूप से जोड़ने के साथ-साथ सामाजिक समरसता और सनातन संस्कृति के प्रति आस्था को भी मजबूत करती है। उन्होंने भगवान भोलेनाथ से सभी के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।
0 2 minutes read

